Noida Wall Collapse: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के नोएडा में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। नोएडा में मंगलवार को एक आवासीय सोसायटी की बाहरी दीवार का एक हिस्सा गिर गया, जिसके मलबे में दबकर 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मरने वाले यूपी के बदायूं जिले के रहने वाले थे। अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा सेक्टर-21 स्थित जलवायु विहार में हुआ।
जानकारी मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा गया है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने बताया मलबे में फंसे 9 लोगों को बचा लिया गया है। पुलिस घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाने का कार्य कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, जलवायु विहार में बाउंड्री वॉल की नाली की मरम्मत के दौरान लगभग 200 मीटर दीवार गिरने से यह हादसा हुआ। कुल 13 मजदूर वहां काम कर रहे थे। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा है और मलबा हटाने का काम जारी है।
नोएडा के जिलाधिकारी सुहास एल. वाई. ने बताया कि सेक्टर 21 जलवायु विहार के पास ड्रेनेज रिपेयर के काम के लिए नोएडा अथॉरिटी ने कॉन्ट्रैक्ट दिया था। हमें यहां के लोगों ने बताया कि यह हादसा उस समय हुआ, जब मजदूर दीवार की ईंट को हटा रहे थे। पूरी दीवार ढह गई, जिसकी जांच की जाएगी। घायलों को जिला अस्पताल और कैलाश हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां 4 लोगों की मौत हो गई।
नोएडा के पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने कहा कि सूचना मिलने पर पुलिस, एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। वहां दबे लोगों को बाहर निकाला गया। उनमें से 4 लोगों की मौत हो गई है। 9 लोगों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। मामले में FIR दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।