Nuh Violence: 'शोभा यात्रा' को लेकर पूरे हरियाणा में अलर्ट! स्कूल-कॉलेज, बैंक और इंटरनेट बंद, चप्पे-चप्पे पर जवान तैनात

Nuh Violence: सरकार ने शोभा यात्रा से पहले या उसके दौरान सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाहों के फैलने की आशंका को देखते हुए 26 अगस्त से 28 अगस्त तक मोबाइल इंटरनेट सेवा निलंबित रखने के फैसले की घोषणा की है। साथ ही सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील जिले में धारा-144 लागू कर दी है।इसके तहत एक क्षेत्र में चार या इससे अधिक लोगों के इकट्ठा होने पर रोक लगा दी गई है

अपडेटेड Aug 28, 2023 पर 10:34 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Nuh Violence: सर्व जातीय हिंदू महापंचायत ने सोमवार 28 अगस्त को नूंह में बृज मंडल शोभा यात्रा का आह्वान किया है

Nuh Violence: हरियाणा के नूंह में 'शोभा यात्रा' के मद्देनजर सभी स्कूलों, कॉलेजों और बैंकों को आज यानी सोमवार (28 अगस्त) को बंद रहने के लिए कहा गया है। इसके अलावा मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर रोक लगा दी गई है। नूंह में विश्व हिंदू परिषद (VHP) और बजरंग दल के आह्वान पर सोमवार सुबह 11 बजे दोबारा ब्रजमंडल यात्रा निकाली जा रही है। हरियाणा सरकार और नूंह जिला प्रशासन ने इस शोभा यात्रा के लिए इजाजत नहीं दी है। लेकिन, नूंह में 31 जुलाई को सांप्रदायिक हिंसा के कारण अधूरी रह गई ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा को 28 अगस्त को पूरा करने को लेकर VHP अडिग है। इसके मद्देनजर नूंह एवं अन्य इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

हरियाणा की ADG (कानून एवं व्यवस्था) ममता सिंह ने कहा कि हमने किसी भी प्रकार की यात्रा या समूह आंदोलन करने की अनुमति नहीं दी है। इंटरनेट सेवा निलंबित है। जांच चल रही है। 250 से अधिक आरोपियों की पहचान की गई है और उन्हें गिरफ्तार किया गया है। चार SIT तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। जो भी सोशल मीडिया के जरिए भड़काने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और उनके अकाउंट (सोशल मीडिया) ब्लॉक कर दिए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा अनुमति नहीं दिए जाने के बावजूद 'शोभा यात्रा' का आह्वान किया गया है। नूंह के SDM अश्विनी कुमार ने रविवार को न्यूज एजेंसी ANI से कहा था, "कल (28 अगस्त) कुछ संगठनों ने शोभा यात्रा निकालने का आह्वान किया है। जिले में धारा-144 लागू कर दी गई है। मेरी जिलावासियों से अपील है कि किसी भी तरह की आवाजाही न करें। जिले के सभी स्कूल और बैंकों को भी बंद किया गया है, जिससे शांति व्यवस्था बनाकर रखी जा सके।"


भारी संख्या में जवान तैनात

अधिकारियों ने बताया कि कड़ी निगरानी रखने के लिए अर्धसैनिक बलों सहित सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। अंतरराज्यीय तथा अंतरजिला सीमाओं पर भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कुछ हफ्ते पहले हुई नूंह हिंसा का जिक्र करते हुए रविवार को पंचकूला में कहा कि यात्रा की अनुमति नहीं दी गई है। उन्होंने कहा कि यात्रा में भाग लेने के बजाय लोग जलाभिषेक के लिए अपने-अपने इलाकों के मंदिरों में जा सकते हैं। सीएम ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है। बता दें कि सावन के महीने का आखिरी सोमवार 28 अगस्त को है।

प्रशासन ने यात्रा की नहीं दी इजाजत

हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (DGP) शत्रुजीत कपूर ने कहा कि प्रशासन ने 3 से 7 सितंबर के दौरान नूंह में होने वाली G-20 शेरपा समूह की बैठक के मद्देनजर और 31 जुलाई की हिंसा के बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यात्रा की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) ममता सिंह ने कहा कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।

नूंह में एक पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, अर्धसैनिक बलों की 24 कंपनी के अलावा हरियाणा पुलिस के 1,900 कर्मी तैनात किए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी बाहरी व्यक्ति को नूंह में एंट्री की अनुमति नहीं दी जाएगी। जिले के सभी प्रवेश मार्गों को सील कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि मल्हार मंदिर की ओर जाने वाली सड़क भी बंद कर दी गई है।

हाईवे को बाधित करने वालों पर होगी कार्रवाई

प्रवक्ता ने बताया कि केएमपी एक्सप्रेसवे और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक की आवाजाही जारी रहेगी। अधिकारियों ने बताया कि नूंह के उपायुक्त धीरेंद्र खड़गटा और पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारणिया ने शनिवार को शांति समितियों के साथ बैठक की।

कपूर ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सीमावर्ती राज्यों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक बैठक की अध्यक्षता की और स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए समन्वित प्रयास का आह्वान किया। इस बैठक में पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और केंद्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल हुए।

आज फिर तनाव की आशंका

सर्व जातीय हिंदू महापंचायत ने सोमवार 28 अगस्त को नूंह में बृज मंडल शोभा यात्रा का आह्वान किया है। विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने कहा है कि यात्री निकाली जाएगी। इस तरह के धार्मिक आयोजनों के लिए प्रशासन से अनुमति लेने की कोई जरूरत नहीं है। फिलहाल, अधिकारियों ने इसकी अनुमति देने से इनकार कर दिया है।

पीटीआई के मुताबिक, जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर सोमवार को शैक्षणिक संस्थान और बैंक बंद रखने का आदेश दिया है। साथ ही मोबाइल इंटरनेट और बल्क SMS सेवाओं को निलंबित कर दिया है।

जिले में धारा- 144 लागू

सरकार ने सोमवार की प्रस्तावित यात्रा से पहले या उसके दौरान सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाहों के फैलने की आशंका को देखते हुए 26 अगस्त से 28 अगस्त तक मोबाइल इंटरनेट सेवा निलंबित रखने के फैसले की घोषणा की है। साथ ही सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील जिले में धारा-144 लागू कर दी है।

ये भी पढ़ें- Rozgar Mela 2023 Live: पीएम मोदी आज 51,000 युवाओं को सौंपेंगे नियुक्ति पत्र, देश भर में 45 जगहों पर लगेगा रोजगार मेला

जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर दंड प्रक्रिया संहिता (CrPC) की धारा 144 लगा दी है। इसके तहत एक क्षेत्र में चार या इससे अधिक लोगों के इकट्ठा होने पर रोक लगा दी गई है। यह आदेश सोमवार तक प्रभावी रहेगा। बता दें कि VHP की शोभा यात्रा पर 31 जुलाई को भीड़ द्वारा हमला किए जाने के बाद नूंह और उसके आसपास के इलाकों में हुई सांप्रदायिक झड़पों में दो होम गार्ड और एक इमाम सहित 6 लोगों की जान चली गई थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।