Get App

Nuh Violence: 'शोभा यात्रा' को लेकर पूरे हरियाणा में अलर्ट! स्कूल-कॉलेज, बैंक और इंटरनेट बंद, चप्पे-चप्पे पर जवान तैनात

Nuh Violence: सरकार ने शोभा यात्रा से पहले या उसके दौरान सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाहों के फैलने की आशंका को देखते हुए 26 अगस्त से 28 अगस्त तक मोबाइल इंटरनेट सेवा निलंबित रखने के फैसले की घोषणा की है। साथ ही सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील जिले में धारा-144 लागू कर दी है।इसके तहत एक क्षेत्र में चार या इससे अधिक लोगों के इकट्ठा होने पर रोक लगा दी गई है

Akhileshअपडेटेड Aug 28, 2023 पर 10:34 AM
Nuh Violence: 'शोभा यात्रा' को लेकर पूरे हरियाणा में अलर्ट! स्कूल-कॉलेज, बैंक और इंटरनेट बंद, चप्पे-चप्पे पर जवान तैनात
Nuh Violence: सर्व जातीय हिंदू महापंचायत ने सोमवार 28 अगस्त को नूंह में बृज मंडल शोभा यात्रा का आह्वान किया है

Nuh Violence: हरियाणा के नूंह में 'शोभा यात्रा' के मद्देनजर सभी स्कूलों, कॉलेजों और बैंकों को आज यानी सोमवार (28 अगस्त) को बंद रहने के लिए कहा गया है। इसके अलावा मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर रोक लगा दी गई है। नूंह में विश्व हिंदू परिषद (VHP) और बजरंग दल के आह्वान पर सोमवार सुबह 11 बजे दोबारा ब्रजमंडल यात्रा निकाली जा रही है। हरियाणा सरकार और नूंह जिला प्रशासन ने इस शोभा यात्रा के लिए इजाजत नहीं दी है। लेकिन, नूंह में 31 जुलाई को सांप्रदायिक हिंसा के कारण अधूरी रह गई ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा को 28 अगस्त को पूरा करने को लेकर VHP अडिग है। इसके मद्देनजर नूंह एवं अन्य इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

हरियाणा की ADG (कानून एवं व्यवस्था) ममता सिंह ने कहा कि हमने किसी भी प्रकार की यात्रा या समूह आंदोलन करने की अनुमति नहीं दी है। इंटरनेट सेवा निलंबित है। जांच चल रही है। 250 से अधिक आरोपियों की पहचान की गई है और उन्हें गिरफ्तार किया गया है। चार SIT तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। जो भी सोशल मीडिया के जरिए भड़काने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और उनके अकाउंट (सोशल मीडिया) ब्लॉक कर दिए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा अनुमति नहीं दिए जाने के बावजूद 'शोभा यात्रा' का आह्वान किया गया है। नूंह के SDM अश्विनी कुमार ने रविवार को न्यूज एजेंसी ANI से कहा था, "कल (28 अगस्त) कुछ संगठनों ने शोभा यात्रा निकालने का आह्वान किया है। जिले में धारा-144 लागू कर दी गई है। मेरी जिलावासियों से अपील है कि किसी भी तरह की आवाजाही न करें। जिले के सभी स्कूल और बैंकों को भी बंद किया गया है, जिससे शांति व्यवस्था बनाकर रखी जा सके।"

सब समाचार

+ और भी पढ़ें