Omicron India: भारत में ओमीक्रोन के अब तक 781 मामले दर्ज, दिल्‍ली के मामलों ने बढ़ाई टेंशन

ओमीक्रोन के सबसे ज्यादा मामले दिल्ली में दर्ज किए गए हैं और यहां संक्रमितों की संख्या 238 हो गई है

अपडेटेड Dec 29, 2021 पर 10:38 AM
Story continues below Advertisement
देश में ओमीक्रोन संक्रमित मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है

Omicron India Covid Live Updates: देश में कोरोना वायरस संक्रमण के नए वेरिएंट ओमीक्रोन के मामले बढ़कर 781 हो गए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बुधवार को जारी किए गए आंकड़ों में यह जानकारी दी गई। पिछले 24 घंटे कोरोना के 9,195 मामले दर्ज किए गए हैं। देश में कोरोना के कुल एक्टिव मामले 77,002 तक पहुंच गए हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ओमीक्रोन संक्रमित मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।

ओमीक्रोन के सबसे ज्यादा मामले राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली (Omicron in Delhi) में दर्ज किए गए हैं और यहां संक्रमितों की संख्या 238 हो गई है, जिसमें से 57 लोग ठीक हुए हैं। दिल्ली के बाद नए वेरिएंट से महाराष्ट्र सबसे ज्यादा प्रभावित है, जहां अब तक 167 मामले सामने आ चुके हैं। हालांकि राज्य में 72 लोग ठीक भी हो चुके हैं।

Omicron India Live Updates: एक दिन में कोरोना संक्रमण के 9,195 नए मामले आए सामने, ओमीक्रोन के अब तक 781 मामले दर्ज


इसके अलावा गुजरात में ओमीक्रोन के 73, केरल में 65, तेलंगाना में 62 और राजस्थान में 46 मामले सामने आए हैं। इसी तरह कर्नाटक में 34, तमिलनाडु में 34 और हरियाणा में ओमीक्रोन के 12 मामले सामने आ चुके हैं। राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के मद्देनजर दिल्ली सरकार ने येलो अलर्ट जारी किया, जिसके तहत बुधवार से स्कूल, कॉलेज और कोचिंग सेंटर बंद रहेंगे।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को राजधानी में येलो अलर्ट की घोषणा की। सीएम ने कहा कि शहर में सोमवार को कोरोना संक्रमण के 331 नए मामले दर्ज किए गए और इसी के साथ संक्रमण दर 0.5 प्रतिशत से ऊपर चली गई है, जिससे सरकार को येलो अलर्ट जारी करना पड़ा। मुख्यमंत्री केजरीवाल और दिल्ली सरकार के अधिकारियों के बीच आज एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक के बाद यह फैसला लिया गया।

सीएम ने कहा कि दिल्ली में संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है क्योंकि ज्यादातर लोगों में हल्के लक्षण दिखाई दिए हैं। दिल्ली सरकार ने बाद में प्रतिबंधों की एक सूची जारी की, जिसके तहत स्कूल, कॉलेज और सभी शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे। गैर जरूरी सामान की दुकानें भी बंद रहेंगी।

इसके साथ ही, मल्टीप्लेक्स, सिनेमा हॉल, स्पा, जिम, बैंक्वेट हॉल, ऑडिटोरियम और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स भी तत्काल प्रभाव से बंद किए जाएंगे। मॉल्स को हालांकि ऑड-ईवन तरीके से संचालित करने की अनुमति होगी, जबकि होटलों को खोले रहने की अनुमति भले ही मिली हो लेकिन उनके परिसर के अंदर कॉन्फ्रेंस और बैंक्वेट हॉल बंद रहेंगे।

नए आदेश में कहा गया है कि दफ्तरों में अधिकतम 50 प्रतिशत क्षमता के साथ काम करने की इजाजत होगी। वहीं, दिल्ली मेट्रो, रेस्तरां और बार भी 50 प्रतिशत की क्षमता के साथ संचालित होंगे। इस बीच रविवार शाम से राजधानी में लगाए गए नाइट कर्फ्यू की समयावधि को और बढ़ा दिया गया। नाइट कर्फ्यू का समय बदलकर रात 10 बजे से सुबह पांच बजे कर दिया गया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।