Omicron Variant India Live Updates: देश में कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमीक्रोन से संक्रमित होने वाले मरीजों में अब तेजी देखने को मिल रही है। दिल्ली में गुरुवार को ओमीक्रोन के 4 नए मामले मिले हैं। राजधानी में नए वेरिएंट के कुल मामले बढ़कर 10 हो गए हैं। वहीं, देश में ओमीक्रोन से संक्रमित मरीजों की संख्या 77 हो गई है। 32 केस के साथ महाराष्ट्र नंबर एक पर है।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन (Satyendar Jain) ने गुरुवार को बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में अभी तक कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमीक्रोन के 10 मामले सामने आए हैं और संदेह के आधार पर 40 लोगों को लोकनायक जय प्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में भर्ती कराए गए 40 लोगों में से 38 कोरोना वायरस से संक्रमित हैं।
जैन ने पत्रकारों से कहा कि दिल्ली में अभी तक ओमीक्रोन वेरिएंट के 10 मामले सामने आए हैं। इनमें से एक को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। मंत्री ने बताया कि कई अंतरराष्ट्रीय यात्री इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंचने पर कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे आठ लोगों को आज (गुरुवार को) ही अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जैन ने मंगलवार को कहा था कि ओमीक्रोन के मामले अभी सामुदायिक स्तर पर नहीं फैले हैं और स्थिति अभी नियंत्रण में है। ओमीक्रोन के सभी मरीजों की हालत भी स्थिर है।
अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली में कोरोना वायरस के ओमीक्रोन वेरिएंट से संक्रमित पाए गए पहले व्यक्ति को एलएनजेपी अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। तंजानिया से दो दिसंबर को दिल्ली लौटे 37 वर्षीय व्यक्ति इससे संक्रमित पाए गए थे, जबकि उनका पूर्ण वैक्सीनेशन हो चुका था।
इस बीच, एक अध्ययन में यह कहा गया है कि कोरोना वायरस का ओमीक्रोन वेरिएंट, डेल्टा और कोविड-19 के मूल वेरिएंट की तुलना में 70 गुना तेजी से संक्रमित करता है लेकिन इससे होने वाले बीमारी की गंभीरता काफी कम है। अध्ययन में इस बारे में प्रथम सूचना दी गई है कि ओमीक्रोन वेरिएंट किस तरह से लोगों के श्वसन तंत्र को संक्रमित करता है।