PM CARES: पीएम नरेंद्र मोदी ने सोमवार को PM CARES के चिल्ड्रेन स्कीम के तहत फंड जारी कर दिया है। पीएम ने एक वीडियो कॉन्फ्रेंस के तहत यह फंड जारी किया है। यह पैसा स्कूल जाने वाले बच्चों को स्कॉलरशिप के तौर पर दी गई है। PM CARES For Children के तहत एक पासबुक और आयुष्मान भारत एवं प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत बच्चों को एक हेल्थ कार्ड जारी किया गया है। पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन के जरिए बच्चों को आयुष्मान हेल्थ कार्ड भी दिया जा रहा है। इसके तहत 5 लाख रुपए तक का इलाज मुफ्त है।
पीएम ऑफिस के मुताबिक, इस स्कीम का मकसद कोरोनावायरस संक्रमण की वजह से अनाथ हुए बच्चों की मदद करना है। इसके तहत सरकार 23 साल की उम्र तक बच्चों को वित्तीय सपोर्ट, स्कॉलरशिप देना है।
पीएम मोदी ने PM CARES For Children स्कीम 29 मई 2021 को शुरू की थी। इसके जरिए उन बच्चों की मदद की जा रही है जो महामारी के दौरान अनाथ हो गए हैं। इसका फायदा उन बच्चों को मिलेगा जो 11 मार्च 2020 से लेकर 28 फरवरी 2022 तक अपने लीगल पेरेंट या अडॉप्टिव पेरेंट को खो चुके हैं।
पीएम मोदी ने कहा, "पीएम केयर्स फंड का इस्तेमाल महामारी के दौरान कई अस्पताल के सपोर्ट के लिए हुआ था। वेंटिलेटर्स खरीदने, ऑक्सीजन प्लांट्स लगाने में भी इस पैसे का इस्तेमाल किया गया था। इसकी वजह से कई लोगों की जान बच पाई थी। हालांकि कुछ लोग महामारी की वजह से असमय अपने परिवार को छोड़कर चले गए। इस फंड का इस्तेमाल महामारी से अनाथ हुए बच्चों के लिए किया जाएगा जो हमारा भविष्य हैं।"
सरकार ने एक ऑनलाइन पोर्टल लॉन्च किया है। इस पोर्टल पर अनाथ बच्चों को पहले रजिस्ट्रेशन कराना होगा। यह पोर्टल सिंगल विंडो सिस्टम है जो प्रोसेस अप्रूवल और दूसरी सहूलियतें मुहैया कराती हैं।