AAP ने सत्ता में आने पर गुजरात की महिलाओं को 1,000 रुपये मासिक भत्ता देने का किया वादा

इससे पहले केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) शासित गुजरात में सत्ता में आने पर प्रति माह 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली का आश्वासन दिया था। गुजरात में विधानसभा चुनाव इस साल के अंत तक होने वाले हैं

अपडेटेड Aug 10, 2022 पर 6:40 PM
गुजरात में अपने चुनावी अभियान के तहत AAP प्रमुख ने लोगों को यह पांचवी ‘गारंटी’ दी है

आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को वादा किया कि अगर उनकी पार्टी की सरकार गुजरात में बनती है तो 18 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को 1,000 रुपये का मासिक भत्ता दिया जाएगा। सीएम केजरीवाल ने यह भी कहा कि यह मासिक भत्ता उन्हीं महिलाओं को दिया जाएगा जो इसके लिए स्वीकृति देंगी।

गुजरात में अपने चुनावी अभियान के तहत AAP प्रमुख ने लोगों को यह पांचवी ‘गारंटी’ दी है। राज्य में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। केजरीवाल ने सैकड़ों महिलाओं के सामने यह घोषणा करते हुए कहा कि 1,000 रुपये (महीने का भत्ता) कोई रेवड़ी नहीं है। यह आपका हक है। जनता का पैसा जनता के पास जाना चाहिए न कि स्विस बैंक में जाना चाहिए।

ये भी पढ़ें- नूपुर शर्मा को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, देशभर में दर्ज सभी FIR दिल्ली ट्रांसफर करने के आदेश


इससे पहले आम आदमी पार्टी ने बेरोजगार युवाओं को नौकरी और नौकरी मिलने तक 3,000 रुपये प्रति माह भत्ता की गारंटी भी दी है। पिछले महीने सूरत में की गई एक घोषणा में सीएम केजरीवाल ने कहा था कि उनकी पार्टी की राज्य में सरकार बनने पर लोगों को प्रति माह 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जाएगी।

एक जनसभा को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि हमने पहली गारंटी दी कि गुजरात में हमारी सरकार बनने के 3 महीने के अंदर बिजली मुफ्त करेंगे। आपके बकाया भी माफ कर देंगे और 24 घंटे बिजली देंगे। उन्होंने कहा कि हमने दूसरी गारंटी दी कि हमारी सरकार बनने पर हम सभी के लिए 5 साल में रोजगार का इंतजाम करेंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।