Punjab Election Results 2022: पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) ने इतिहास रच दिया है। पंजाब में विधानसभा की कुल 117 सीटों में से अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली आम आदमी पार्टी 92 सीटों पर आगे चल रही है। आप की आंधी में बड़े-बड़े दिग्गज नेता उड़ गए हैं। सीएम चरणजीत सिंह चन्नी लेकर कांग्रेस प्रदेश प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू, पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह और पांच बार के सीएम रह चुके प्रकाश सिंह बादल जैसे दिग्गज नेता चुनाव हार गए हैं।
आम आदमी पार्टी पंजाब चुनावों में अपनी शानदार जीत के बाद लगातार प्रतिक्रियाएं, भाषण और यहां तक कि मीम्स शेयर कर रही है। इसी क्रम में गुरुवार सुबह जैसे ही पार्टी ने पंजाब में शुरुआती बढ़त हासिल की AAP ने बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान की सुपरहिट फिल्म 'चक दे इंडिया' का एक वीडियो शेयर कर जीत का जश्न मनाया।
"AAP फैमिली राइट नाउ (AAP family right now)" कैप्शन के साथ पार्टी ने फिल्म के उस दृश्य को शेयर किया है जहां जीत से अभिभूत शाहरुख खान पहले रोते हैं और फिर गर्व से मुस्कराते हुए दिखाई देते हैं। चक दे इंडिया में शाहरुख ने भारत की महिला हॉकी टीम के कोच की भूमिका निभाई थी, जिन्होंने देश के विभिन्न हिस्सों के 16 विवादास्पद खिलाड़ियों के साथ टीम को विश्व कप में जीत दिलाई थी।
4 राज्यों में खिला कमल, पंजाब में चली झाड़ू
पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा में सत्ता में वापसी करती दिख रही है जबकि पंजाब में आम आदमी पार्टी भारी बहुमत से सरकार बनाती नजर आ रही है। पंजाब में सभी 117 सीटों के रुझानों में आम आदमी पार्टी 92 सीटें, कांग्रेस 18, शिरोमणि अकाली दल तीन और बीजेपी दो सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी (Charanjit Singh Channi) चमकौर साहिब और भदौड़ दोनों विधानसभा सीटों पर हार गए हैं। इसके अलावा अमृतसर ईस्ट से आम आदमी पार्टी (AAP) के उम्मीदवार जीवनज्योत कौर चुनाव जीत गई हैं। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू और अकाली दल के बिक्रम मजीठिया हार गए हैं।
इतना ही नहीं आप के उम्मीदवार अजीत पाल सिंह कोहली ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को उनके गढ़ पटियाला में मात दे दी है। पंजाब के पांच बार के मुख्यमंत्री एवं शिरोमणि अकाली दल (SAD) के नेता प्रकाश सिंह बादल अपने गढ़ लाम्बी विधानसभा सीट पर हार गए हैं। लाम्बी सीट पर आप के उम्मीदवार गुरमीत सिंह खुडियां ने उन्हें मात दी है।