Punjab Election Result 2022: पंजाब में अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली आम आदमी पार्टी (AAP) ने इतिहास रच दिया है। पंजाब में विधानसभा की कुल 117 सीटों में से आम आदमी पार्टी 90 सीटों पर आगे चल रही है। आप की आंधी में बड़े-बड़े दिग्गज नेता उड़ गए हैं। सीएम चरणजीत सिंह चन्नी, नवजोत सिंह सिद्धू, कैप्टन अमरिंदर सिंह और प्रकाश सिंह बादल जैसे दिग्गज नेता चुनाव हार गए हैं।
मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी (Charanjit Singh Channi) चमकौर साहिब और भदौड़ दोनों विधानसभा सीटों पर हार गए हैं। इसके अलावा अमृतसर ईस्ट से आम आदमी पार्टी (AAP) के उम्मीदवार जीवनज्योत कौर चुनाव जीत गई हैं। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू और अकाली दल के बिक्रम मजीठिया हार गए हैं।
इतना ही नहीं आप के उम्मीदवार अजीत पाल सिंह कोहली ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को उनके गढ़ पटियाला में मात दे दी है। पंजाब के पांच बार के मुख्यमंत्री एवं शिरोमणि अकाली दल (SAD) के नेता प्रकाश सिंह बादल अपने गढ़ लाम्बी विधानसभा सीट पर हार गए हैं। लाम्बी सीट पर आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार गुरमीत सिंह खुडियां ने उन्हें मात दी है।
पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) ने रुझानों में बहुमत हासिल कर लिया है। पंजाब में अब तक रुझान में आम आदमी पार्टी 90 सीटों पर, जबकि भारतीय जनता पार्टी (BJP) 2 और शिरोमणि अकाली दल (SAD) 5 सीट पर आगे चल रही हैं। इसके अलावा कांग्रेस 20 सीटों पर आगे चल रही है।
चुनाव बाद हुए कई सर्वेक्षणों में ‘आप’ के अगली सरकार बनाने का अनुमान जताया गया था, जबकि कुछ ने त्रिशंकु विधानसभा का पूर्वानुमान लगाया गया था। इस बार, 93 महिलाओं और दो ट्रांसजेंडर सहित कुल 1,304 उम्मीदवार मैदान में हैं। राज्य में इस बार 71.95 प्रतिशत मतदान हुआ था। पिछले तीन विधानसभा चुनाव की तुलना में इस बार सबसे कम मतदान हुआ था।