Delhi Liquor Scam: पार्टी के संपर्क में नहीं हैं AAP के कुछ विधायक, सीएम केजरीवाल ने बुलाई अहम बैठक

AAP विधायक दिलीप पांडेय ने बैठक से पहले पत्रकारों से कहा कि हम अपने विधायकों से संपर्क कर रहे हैं, वे कहीं नहीं जा रहे। हमारी एक साथी से बात हुई और बताया कि BJP लगभग 40 विधायकों को तोड़ने की कोशिश कर रही है

अपडेटेड Aug 25, 2022 पर 11:05 AM
Story continues below Advertisement
AAP विधायक दिलीप पांडेय ने बैठक से पहले पत्रकारों से कहा कि हम अपने विधायकों से संपर्क कर रहे हैं

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी (AAP) के सभी विधायकों की आज (25 अगस्त) सुबह 11 बजे अपने आवास पर अहम बैठक बुलाई है। आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता और दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बीजेपी पर आरोप लगाया है कि वह कथित तौर पर आप नेताओं को 20-20 करोड़ रुपये की रिश्वत देकर खरीदने की कोशिश कर रही है। हालांकि, भगवा पार्टी ने आप के आरोपों को खारिज कर दिया है।

आम आदमी पार्टी की इस अहम बैठक से पहले एक बड़ी खबर सामने आ रही है। सूत्रों के मुताबिक, AAP के कुछ विधायकों से पार्टी का संपर्क नहीं हो पा रहा है। बैठक में आम आदमी पार्टी के कितने विधायक पहुंचते हैं, इस बात पर सभी की नजर रहेगी। राजधानी में आम आदमी पार्टी के कुल 62 विधायक हैं। ये अहम बैठक 11 बजे मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर होगी।

ये भी पढ़ें- Delhi Liquor Vendors: दिल्ली के इस इलाके में 1 सितंबर से नहीं मिलेगी शराब, जानें क्या है वजह


सूत्रों ने बताया कि आम आदमी पार्टी को शंका है कि कहीं BJP उनके विधायकों को ना तोड़ ले, इसलिए बुधवार शाम को AAP की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक में तय हुआ कि सभी विधायकों को आज यानी गुरुवार को बुलाया जाए। इसके अलावा दिल्ली विधानसभा का विशेष सत्र 26 अगस्त को बुलाया गया है।

आप विधायक दिलीप पांडेय ने बैठक से पहले पत्रकारों से कहा कि हम अपने विधायकों से संपर्क कर रहे हैं, वे कहीं नहीं जा रहे। हमारी एक साथी से बात हुई और बताया कि BJP लगभग 40 विधायकों को तोड़ने की कोशिश कर रही है और हर विधायक को 20 करोड़ रुपए दिए जा रहे हैं।

केजरीवाल ने बुधवार को कहा कि उनकी आम आदमी पार्टी के कुछ विधायकों ने उनसे कहा है कि उन्हें पार्टी तोड़ने के लिए धमकाया जा रहा है और रिश्वत की पेशकश की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि आप की राजनीति मामलों की समिति बुधवार को बैठक कर स्थिति की समीक्षा करेगी।

कुछ दिन पहले मनीष सिसोदिया ने दावा किया था कि भारतीय जनता पार्टी ने AAP छोड़ने पर उन्हें दिल्ली का मुख्यमंत्री बनाने और सारे मामले वापस लेने की पेशकश की है। वह आबकारी नीति 2021-22 को लागू करने में कथित अनियमितता को लेकर केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की जांच का सामना कर रहे हैं।

केजरीवाल ने पत्रकारों से कहा कि कुछ विधायकों ने मुझसे संपर्क किया और कहा कि उन्हें धमकी दी गई है, पार्टी को तोड़ने के लिए रिश्वत की पेशकश की गई है। यह बहुत ही गंभीर मामला है। हम इस मुद्दे पर आज शाम चार बजे राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक करेंगे और स्थिति की समीक्षा करेंगे।

AAP के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि विधायक अजय दत्त, संजीव झा, सोमनाथ भारती और कुलदीप से बीजेपी के नेताओं ने संपर्क किया है । उनके मुताबिक, इन विधायकों के साथ बीजेपी नेताओं के दोस्ताना रिश्ते हैं।

संजय सिंह ने दावा किया कि उन्हें पेशकश की गई है कि अगर वह पार्टी (बीजेपी) में शामिल होते हैं तो उन्हें 20 करोड़ रुपये दिए जाएंगे और अगर वे अपने साथ अन्य विधायकों को लेकर आते हैं तो उन्हें 25 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।