Shark Tank India: शार्क टैंक इंडिया (Shark Tank India) बहुत कम समय में देश के सबसे चर्चित रियलिटी शो में से एक बन गया है। शो का पहला सीजन खत्म हो चुका है, लेकिन लोगों के सिर से इसका क्रेज खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। खास तौर पर शो के जज रहे अशनीर ग्रोवर (Ashneer Grover), अनुपम मित्तल, नमिता थापर, अमन गुप्ता, विनीता सिंह, पीयूष बंसल जैसे सभी जज घर-घर पॉपुलर हो गए हैं।
मीम्स से लेकर प्रभावशाली लोगों के वायरल वीडियो तक शो के जज उर्फ 'शार्क' हर जगह मौजूद हैं। राजनीतिक पार्टियां भी विरोधियों पर हमला बोलने के लिए इस शो के मीम्स का इस्तेमाल कर रही हैं। आम आदमी पार्टी (AAP) ने पंजाब में 20 फरवरी को होने वाले महत्वपूर्ण चुनाव से पहले BharatPe के संस्थापक अशनीर ग्रोवर की शार्क टैंक पंचलाइन के जरिए कांग्रेस पर निशाना साधा है।
आम आदमी पार्टी ने शार्ट टैंग इंडिया शो में अशनीर ग्रोवर द्वारा किए गए कमेंट का एक छोटा वीडियो शेयर किया है और उसका मीम्स बनाकर अपने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस और पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी (Charanjit Singh Channi) पर निशाना साधा है।
वीडियो में ग्रोवर को एक प्रतियोगी पर हिंदी में चिल्लाते हुए दिखाया गया है, जिसमें वह कह रहे हैं, "इससे वहियात प्रोडक्ट मैंने जिंदगी में न देखा है, न मैं देखना चाहता हूं। मेरे को भगवान उठा ले, इतना गंडा प्रोडक्ट है ये। इसके बाद मैं कुछ नहीं देखना चाहता लाइफ में।"
AAP ने वीडियो को कैप्शन दिया, "पंजाब के मतदाता कांग्रेस के 5 साल के शासन का वर्णन कर रहे हैं।" उन्होंने हैशटैग 'शार्क टैंक आप' (#SharkTankAAP) के साथ वीडियो ट्वीट किया है। इस वीडियो को खबर लिखे जाने तक 1100 से अधिक लोग लाइक कर चुके हैं।
Punjab Voters describing 5 years of Congress rule