'ED-CBI को जानते हो' AAP पार्षद रामचंद्र ने बीजेपी पर लगाया किडनैप करने का आरोप! BJP ने बताया- झूठ

वार्ड नंबर-28 के पार्षद रामचंद्र उन पांच सदस्यों में से एक थे, जो पिछले रविवार को बीजेपी में शामिल हो गए थे। हालांकि, कुछ ही दिन बाद वह AAP में लौट आए। उन्होंने दावा किया था कि उनके सपने में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आए थे, जिसके बाद उनका मन बदल गया। बाद में, एक वीडियो मैसेज में उन्होंने कहा कि कुछ लोग उन्हें बीजेपी हेडक्वार्टर ले गए थे

अपडेटेड Sep 01, 2024 पर 11:07 PM
Story continues below Advertisement
AAP पार्षद रामचंद्र ने बीजेपी पर लगाया किडनैप करने का आरोप, BJP ने बताया- झूठ

आम आदमी पार्टी (AAP) ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर उसके पार्षद रामचंद्र को ‘अगवा’ करने का आरोप लगाया। बहरहाल, ‘अगवा’ सदस्य अपने घर लौट आए हैं। जबकि बीजेपी ने आरोप से इनकार किया है। घर लौटने पर रामचंद्र ने दावा किया कि BJP ने उन्हें ED-CBI के मामलों में फंसाने की धमकी दी। वार्ड नंबर-28 के पार्षद रामचंद्र उन पांच सदस्यों में से एक थे, जो पिछले रविवार को बीजेपी में शामिल हो गए थे। हालांकि, कुछ ही दिन बाद वह AAP में लौट आए। उन्होंने दावा किया था कि उनके सपने में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आए थे, जिसके बाद उनका मन बदल गया। बाद में, एक वीडियो मैसेज में उन्होंने कहा कि कुछ लोग उन्हें बीजेपी हेडक्वार्टर ले गए थे।

रामचंद्र ने वीडियो मैसेज में कहा, "मैं बवाना Ward 28 से निगम पार्षद हूं। आज सुबह मेरे घर 5-6 लोग आए और मुझे एक गाड़ी में बिठाकर BJP कार्यालय ले गए। वहां उन्होंने मुझसे कहा कि ED-CBI को जानते हो। मेरे बेटे आकाश ने पुलिस हेल्पलाइन पर फोन किया, जबकि पार्टी के हमारे वरिष्ठ नेताओं ने पुलिस कमिश्नर को फोन किया। जब उन्हें (भाजपा) इस बारे में पता चला तो उन्होंने मुझे वापस घर भेज दिया।"


मुझे ED-CBI से डर नहीं लगता: AAP पार्षद

उन्होंने AAP की ओर से शेयर की गई वीडियो में कहा, "मैं भाजपा को बताना चाहता हूं कि मुझे ED और CBI से डर नहीं लगता। मैंने कुछ गलत नहीं किया है। मैं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का एक सिपाही हूं।"

AAP के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने रविवार को रामचंद्र के बेटे आकाश का एक वीडियो ‘एक्स’ पर साझा किया, जिसमें उसने आरोप लगाया है कि उसके पिता को अगवा कर लिया गया है।

वीडियो में आकाश ने कहा, "मेरे पिता को BJP के एक पूर्व पार्षद का एक फोन आया, जिसमें कहा गया, ‘हम आपसे मिलने के लिए आपके घर के बाहर खड़े हैं।’ मेरे पिता अपने कार्यालय से नीचे उतरे। हमें जानकारी मिली है कि चार-पांच लोगों ने मेरे पिता को धमकी दी कि उन्हें ED-CBI फंसा देगी और वे उन्हें ले गए। हम उनकी तलाश कर रहे हैं।’’

दिल्ली में 'कानून व्यवस्था का मजाक' बन गया

संजय सिंह के पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने आकाश की ओर से लगाए आरोपों को दोहराया।

AAP के विधायक और दिल्ली नगर निगम (MCD) के प्रभारी दुर्गेश पाठक ने BJP पर दिल्ली में ‘कानून व्यवस्था का मजाक’ उड़ाने का आरोप लगाया।

पाठक ने ‘X’ पर एक पोस्ट में कहा, "आम आदमी पार्टी के पार्षद रामचंद्र जी को BJP के पार्षद ने ....अपने गुंडों के साथ अगवा कर लिया और रामचंद्र जी को कहां लेकर गए हैं, यह किसी को पता नहीं है।"

उन्होंने कहा, "हम पूरी भारतीय जनता पार्टी को यह चेतावनी देते हैं कि अगर अगले एक, डेढ़ घंटे में रामचंद्र को उनके घर नहीं पहुंचाया गया, तो हम ऐसा हंगामा करेंगे कि पूरी BJP हिल जाएगी।"

BJP ने किया पलटवार

इस पर पलटवार करते हुए बीजेपी की दिल्ली इकाई के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने मनीष सिसोदिया और AAP के MCD प्रभारी पर ‘‘झूठ’ बोलने और ‘‘सनसनी’’ पैदा करने का आरोप लगाया।

कपूर ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, "पार्षद रामचंद्र आपकी पार्टी में हैं या नहीं, हमें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। यह तो तय है कि जब आप अफवाह फैला रहे हैं, तो वह अपने घर पर बैठे हैं।’’

चार सितंबर को MCD की जोनल वार्ड समिति के चुनावों के मद्देनजर AAP और BJP दोनों ने पार्षदों के पाला बदलने का दावा किया है।

Haryana Assembly Polls: अब 1 अक्टूबर के बजाय 5 अक्टूबर को होगी वोटिंग, 8 अक्टूबर को सामने आएगा नतीजा

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।