AAP विधायक अमानतुल्लाह खान को ED ने किया गिरफ्तार, दिल्ली वक्फ बोर्ड मनी लॉन्ड्रिंग केस में कार्रवाई

Amanatullah Khan arrested: दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक अमानतुल्लाह खान ने सोमवार सुबह ही दावा किया था कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम उन्हें गिरफ्तार करने के लिए ओखला स्थित उनके घर पहुंची है। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की टीम AAP विधायक के आवास पर तैनात हैं

अपडेटेड Sep 02, 2024 पर 12:51 PM
Amanatullah Khan arrested: मनी लॉन्ड्रिंग जांच में ED ने अमानतुल्लाह खान के घर पर छापेमारी की थी

Amanatullah Khan arrested by ED: आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक अमानतुल्लाह खान को सोमवार (2 अगस्त) को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने दिल्ली वक्फ बोर्ड मनी लॉन्ड्रिंग मामले में छह घंटे की पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान अवैध भर्ती और मनी लॉन्ड्रिंग से संबंधित आरोपों का सामना कर रहे अमानतुल्लाह खान ने सोमवार सुबह ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा था कि ईडी के लोग मुझे गिरफ्तार करने के लिए मेरे घर आए हैं।

ED दिल्ली वक्फ बोर्ड मनी लॉन्ड्रिंग केस में पूछताछ के लिए सोमवार सुबह अमानतुल्लाह के घर पहुंची थी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में अमानतुल्लाह ने कहा, "ईडी की टीम मुझे गिरफ्तार करने के लिए मेरे घर पहुंची है।" दिल्ली विधानसभा में ओखला का प्रतिनिधित्व करने वाले अमानतुल्लाह ने कहा, "आज सुबह तानाशाह के इशारे पर उनकी कठपुतली ईडी मेरे घर पहुंची। तानाशाह ने मुझे और अन्य AAP नेताओं का उत्पीड़न करने में कोई कसर नहीं छोड़ रखी है।"

बीजेपी पर हमलावर हुई AAP


मनीष सिसोदिया और संजय सिंह सहित AAP के कई नेताओं ने केंद्र में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाली सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियां उन लोगों को निशाना बना रही हैं, जो सत्तारूढ़ पार्टी के खिलाफ आवाज उठाते हैं। X पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में अमानतुल्लाह ने यह भी कहा कि वह एजेंसी द्वारा भेजे जा रहे सभी नोटिस का जवाब दे रहे हैं। लेकिन एक टीम तलाशी वारंट पर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए उनके घर पहुंची है।

सिसोदिया ने X पर पोस्ट किया कि ईडी के लिए एकमात्र काम "भाजपा के खिलाफ उठने वाली हर आवाज को दबाना और उसका मनोबल तोड़ना" है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग नहीं टूटते, उन्हें गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया जाता है।

वहीं, संजय सिंह ने दावा किया कि ईडी के पास अमानतुल्लाह के खिलाफ कोई सबूत नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी की तानाशाही और ईडी की गुंडागर्दी जारी है। सिंह ने कहा कि ईडी ने खान को पूछताछ के लिए बुलाया था और खान ने उन्हें सूचित किया था कि उनकी सास का कैंसर का ऑपरेशन होने वाला है। लेकिन ईडी की टीम उनके घर पहुंच गई।

बीजेपी का पलटवार

BJP की दिल्ली इकाई के प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा ने आप पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि पार्टी में भ्रष्ट लोगों की लंबी सूची है। उन्होंने कहा, "आप में भ्रष्ट लोगों की लंबी सूची है। जब कानून अपना काम करता है तो वे शोर मचाना शुरू कर देते हैं। अमानतुल्लाह खान ईडी की कार्रवाई के खिलाफ बोल रहे हैं, जिन्होंने दिल्ली वक्फ बोर्ड में भ्रष्टाचार किया था। अगर आपने भ्रष्टाचार किया है तो आपको जवाब देना होगा। कानून सभी के लिए बराबर है।"

ये भी पढ़ें- Haryana Election 2024: JJP के तीन बागी विधायकों ने थामा BJP का दामन, पार्टी में अब सिर्फ मां-बेटे समेत 3 बचे

सचदेवा ने कहा कि जब से ईडी खान के आवास पर पहुंची है वह आरोप लगा रहे हैं कि जांच एजेंसी उन्हें वहां गिरफ्तार करने आई है। लेकिन वे इस तथ्य के बारे में बात नहीं कर रहे हैं कि एजेंसी वहां वक्फ बोर्ड में की गई कथित वित्तीय अनियमितताओं के बारे में जांच के लिए वहां पहुंची है। उन्होंने कहा, "यह देश कानून के सिद्धांतों पर काम करता है और जैसा आप बोएंगे, वैसा आप काटेंगे।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।