अपने संन्यास लेने के लगभग एक महीने बाद पूर्व भारतीय क्रिकेटर अंबाती रायडू (Ambati Rayudu) ने आधिकारिक तौर पर आंध्र प्रदेश की राजनीति में अपनी दूसरी पारी शुरू करने की घोषणा की है। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 2023 सीजन के अंत में क्रिकेट के सभी फॉर्मेट को छोड़ने वाले अंबाती रायडू आंध्र प्रदेश में राजनीति में शामिल होने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। वह मुख्यमंत्री वाईएस जगनमोहन रेड्डी की सत्तारूढ़ युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (YSRCP) की सदस्यता ले सकते हैं। हालांकि, क्रिकेटर ने उन अटकलों को खारिज कर दिया कि वह गुंटूर या मछलीपट्टनम संसदीय क्षेत्र से 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ने पर विचार कर रहे हैं।
