Excise policy case: केजरीवाल ने सुप्रीम कोर्ट से अचानक वापस ली याचिका, वकील ने बताई इसकी वजह

Excise policy case: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किए जाने के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) के नेताओं तथा कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के खिलाफ शुक्रवार को विरोध-प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस ने कैबिनेट मंत्री आतिशी और सौरभ भारद्वाज को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने दोनों मंत्रियों को पुलिस की एक बस में बिठा दिया

अपडेटेड Mar 22, 2024 पर 1:33 PM
Story continues below Advertisement
Excise policy case: केजरीवाल के वकील ने कहा कि वह गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली याचिका वापस लेना चाहते हैं

Arvind Kejriwal Arrested: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने आबकारी नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा अपनी गिरफ्तारी के खिलाफ दायर की गई याचिका शुक्रवार को अचानक से वापस ले ली। दिल्ली आबकारी घोटाला मामले में गिरफ्तार दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपनी गिरफ्तारी के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की थी। इससे कुछ घंटे पहले सुप्रीम कोर्ट इस याचिका पर सुनवाई करने को तैयार भी हो गया था। हालांकि, उन्होंने कुछ देर बाद अपनी याचिका सुप्रीम कोर्ट से वापस ले ली।

केजरीवाल की ओर से पेश वरिष्ठ वकील अभिषेक सिंघवी ने जस्टिस संजीव खन्ना की अगुवाई वाली पीठ के समक्ष मामले का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि चूंकि निचली अदालत में आज रिमांड की कार्यवाही तथा सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई साथ-साथ चलेगी, लिहाजा उन्हें याचिका वापस लेने की अनुमति दी जाए। उन्होंने कहा कि केजरीवाल निचली अदालत में रिमांड की कार्यवाही में अपना पक्ष रखेंगे और फिर वापस उच्चतम न्यायालय में एक याचिका दायर करेंगे।

जस्टिस खन्ना ने सिंघवी से कहा, "आप वहां (निचली अदालत में) जा सकते हैं। रजिस्ट्री को एक ईमेल कर दीजिए। हम देखेंगे।" सिंघवी ने कहा, "मैं रजिस्ट्री को एक पत्र लिखूंगा। मुझे इस अदालत के समक्ष फिर से इसका उल्लेख करना पड़ा ताकि यह आपके लिए सुविधाजनक हो।" इससे पहले, जस्टिस खन्ना ने सिंघवी से कहा था कि गिरफ्तारी के खिलाफ केजरीवाल की याचिका पर तीन सदस्यीय पीठ आज सुनवाई करेगी।


ये भी पढ़ें- केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे आतिशी और सौरभ भारद्वाज को पुलिस ने हिरासत में लिया

केजरीवाल ने ED द्वारा उन्हें गिरफ्तार किए जाने के बाद गुरुवार देर रात सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। दिल्ली हाई कोर्ट द्वारा आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक को एजेंसी की किसी दंडात्मक कार्रवाई से राहत देने से इनकार करने के कुछ ही घंटों बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।