'मेरे पति 28 मार्च को कोर्ट में शराब घोटाले मामले में बड़ा खुलासा करेंगे', सुनीता केजरीवाल का दावा

Arvind Kejriwal arrested: एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सुनीता केजरीवाल ने कहा कि उनके पति 28 मार्च को सच्चाई बताएंगे और सबूत भी पेश करेंगे। उन्होंने कहा, "दो साल की जांच के बावजूद ईडी एक पैसे का भी सबूत नहीं ढूंढ पाई है। उन्होंने मुख्यमंत्री के आवास पर छापा मारा लेकिन केवल 73,000 रुपये मिले

अपडेटेड Mar 27, 2024 पर 2:08 PM
Arvind Kejriwal arrested: केजरीवाल को 21 मार्च को गिरफ्तार किया गया था

Arvind Kejriwal arrested News: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल (Sunita Kejriwal) ने बुधवार (27 मार्च) को कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) के कई छापों में एक पैसा भी नहीं मिला और उनके पति 28 मार्च को अदालत में कथित आबकारी नीति घोटाले में 'बड़ा खुलासा' करेंगे। बता दें कि अरविंद केजरीवाल की ED रिमांड 28 मार्च को खत्म हो जाएगी। 21 मार्च को आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को केंद्रीय जांच एजेंसी ED ने उत्पाद शुल्क नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था।

एक अदालत ने उन्हें 28 मार्च तक एजेंसी की हिरासत में भेज दिया था। एक डिजिटल प्रेस वार्ता में सुनीता केजरीवाल ने कहा कि उनके पति 28 मार्च को सच्चाई बताएंगे और सबूत भी पेश करेंगे। उन्होंने कहा, "दो साल की जांच के बावजूद ईडी एक पैसे का भी सबूत नहीं ढूंढ पाई है। उन्होंने मुख्यमंत्री के आवास पर छापा मारा लेकिन केवल 73,000 रुपये मिले।"

सुनीता केजरीवाल ने कहा कि मेरे पति ने हिरासत में रहते हुए जल मंत्री आतिशी को निर्देश जारी किए। केंद्र को इससे दिक्कत थी। क्या वे दिल्ली को बर्बाद करना चाहते हैं? उन्होंने कहा कि उनके पति इस मुद्दे को लेकर बहुत दुखी हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल एक बहादुर और सच्चे व्यक्ति हैं और उनका संकल्प मजबूत है।


सुनीता का पूरा बयान

सुनीता केजरीवाल ने कहा, "कल (26 मार्च) शाम मैंने अरविंद जी से जेल में मुलाकात की... दो दिन पहले उन्होंने दिल्ली की जल मंत्री आतिशी को संदेश भेजा था कि पानी और सीवर की समस्याओं का समाधान होना चाहिए... इस बात पर केंद्र सरकार ने मुख्यमंत्री पर केस कर दिया, क्या वे दिल्ली को तबाह करना चाहते हैं?... अरविंद जी ने मुझसे कहा इस शराब घोटाले की जांच में ED ने पिछले दो साल में 250 से ज्यादा छापेमारी की अभी तक किसी भी छापेमारी में पैसा बरामद नहीं हुए... अरविंद जी ने कहा है कि इसका खुलासा वे 28 मार्च को अदालत में करेंगे... वह बताएंगे कि शराब घोटाले का पैसा कहां है। वे इसका सबूत भी देंगे... अरविंद जी ने कहा है कि मेरा शरीर जेल में है लेकिन मेरी आत्मा आप सबके बीच है।"

'दिल्ली सरकार जेल से नहीं चलेगी'

दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने बुधवार को कहा कि दिल्ली सरकार सरकार जेल से नहीं चलाई जाएगी। सक्सेना की यह टिप्पणी आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं के उन बयानों की पृष्ठभूमि में आई जिसमें उन्होंने कहा था कि अरविंद केजरीवाल जेल में रहने के बावजूद मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा नहीं देंगे। सक्सेना ने कहा, "मैं दिल्ली के लोगों को आश्वस्त कर सकता हूं कि सरकार जेल से नहीं चलेगी।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।