दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने मगंलवार को बड़ा ऐलान किया। केजरीवाल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि वो 'मेक इंडिया नंबर-1' अभियान से लोगों को जोड़ने के लिए देशभर का दौरा करेंगे। केजरीवाल ने बताया कि इस अभियान की शुरुआत कल यानी बुधवार को उनके जन्मस्थान हरियाणा के हिसार से होगी।
इस दौरान केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की कि अगले 5 साल में 10 लाख सरकारी स्कूलों का आधुनिकीकरण करने के लिए सभी राज्यों के साथ मिलकर एक योजना तैयार करें। केजरीवाल ने एक प्रेस कॉन्फेंस में घोषणा की कि आम आदमी पार्टी (आप) के ‘मेक इंडिया नंबर-1’ अभियान की शुरुआत वह बुधवार को अपने जन्म स्थान हिसार (हरियाणा) से करेंगे।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को पीएम-श्री योजना के तहत देश भर में 14,500 स्कूल विकसित एवं उन्नत बनाए जाने की घोषणा की थी। केजरीवाल ने कहा कि यह काफी अच्छी बात है, लेकिन 14,500 स्कूल समुद्र में एक बूंद की तरह हैं। मैं प्रधानमंत्री से देश के सभी 10.5 लाख सरकारी स्कूलों का आधुनिकीकरण करने की अपील करता हूं।
उन्होंने कहा कि अगर केवल 14,500 स्कूलों का आधुनिकीकरण किया जाएगा, तो इस रफ्तार से देश के 10.5 लाख स्कूलों को बेहतर बनाने में 70 से 80 साल लग जाएंगे। सीएम ने कहा कि हर एक बच्चे को निशुल्क शिक्षा मिलने तक भारत विश्व का नंबर एक देश नहीं बन सकता।
केजरीवाल ने कहा कि ‘मेक इंडिया नंबर-1’ अभियान से जुड़ने को इच्छुक लोग 9510001000 पर फोन करें। उन्होंने कहा कि 130 करोड़ लोगों का सपना है भारत एक विकसित देश बने, एक अमीर देश बने, शक्तिशाली देश बने, सर्वश्रेष्ठ देश बने।
उन्होंने कहा कि यही हासिल करने के लिए मैंने एलान किया था कि मैं पूरे देश की यात्रा करूंगा। कल मैं इस पवित्र यात्रा की शुरुआत अपने जन्मस्थान हिसार से करूंगा। AAP प्रमुख ने कहा कि अगर आप Make India No1 अभियान से जुड़ना चाहते हैं तो 95 1000 1000 पर मिस्ड कॉल दें।