नूपुर शर्मा के बाद AIMIM प्रमुख ओवैसी और यति नरसिंहानंद के खिलाफ भी दिल्ली में केस दर्ज

FIR सोशल मीडिया पर दिए गए भड़काऊ बयान को लेकर दर्ज किया गया है। इसे दिल्ली पुलिस की इंटेलीजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रेटजिक ऑपरेशन (IFSO) यूनिट द्वारा दर्ज किया गया है

अपडेटेड Jun 09, 2022 पर 4:12 PM
एक अधिकारी ने कहा कि एफआईआर IPC की धारा 153, 295, 505 के तहत दर्ज की गई है

भारतीय जनता पार्टी (BJP) की पूर्व नेता नूपुर शर्मा और नवीन कुमार जिंदल के बाद भड़काऊ बयानों को लेकर बुधवार को दर्ज हुई FIR में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और विवादास्पद पुजारी यति नरसिंहानंद को भी नामजद किया गया है। ये FIR सोशल मीडिया पर दिए गए भड़काऊ बयान को लेकर दर्ज किया गया है। इसे दिल्ली पुलिस की इंटेलीजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रेटजिक ऑपरेशन (IFSO) यूनिट द्वारा दर्ज किया गया है।

IFSO यूनिट ने विभिन्न दलों के कई राजनीतिक नेताओं द्वारा कथित रूप से नफरत भरे भाषण देने के संबंध में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि FIR में बीजेपी के पूर्व नेता नवीन कुमार जिंदल और नुपुर शर्मा, AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी, शादाब चौहान, सबा नकवी, मौलाना मुफ्ती नदीम, अब्दुर रहमान, गुलजार अंसारी और गाजियाबाद स्थित डासना देवी मंदिर के पुजारी स्वामी यति नरसिंहानंद के नाम हैं।

ये भी पढ़ें- नूपुर शर्मा के बाद AIMIM प्रमुख ओवैसी और यति नरसिंहानंद के खिलाफ भी दिल्ली में केस दर्ज


पुलिस अधिकारी ने कहा कि हमने उन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है, जो नफरत के संदेश फैला रहे हैं। वे विभिन्न समूहों को उकसा रहे हैं और ऐसी स्थिति पैदा कर रहे हैं, जो सार्वजनिक शांति बनाए रखने के लिए हानिकारक हैं। हम साइबर स्पेस में अशांति पैदा करने के इरादे से झूठी और गलत जानकारी को बढ़ावा देने में विभिन्न सोशल मीडिया संस्थाओं की भूमिकाओं की भी जांच करेंगे। वे देश के सामाजिक ताने-बाने से समझौता कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें- नूपुर शर्मा, नवीन जिंदल और सबा नकवी समेत 9 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज, नफरत फैलाने के आरोप में दिल्ली पुलिस ने लिया एक्शन

अधिकारी ने कहा कि एक एफआईआर IPC की धारा 153, 295, 505 के तहत दर्ज की गई है। इस एफआईआर में कई नेताओं के नाम हैं। नूपुर शर्मा एवं अन्य के खिलाफ अलग से मामला दर्ज किया गया है। अधिकारी ने कहा कि ओवैसी का नाम IFSO यूनिट द्वारा कथित भड़काऊ टिप्पणी को लेकर दर्ज FIR में भी है, जो उन्होंने बुधवार को की थी। पुलिस ने कहा कि वे मामले में कानूनी राय ले रहे हैं।

दिल्ली में AIMIM का प्रदर्शन

पैगंबर मोहम्मद पर टिप्पणी करने वाली नूपुर शर्मा और नवीन कुमार जिंदल की UAPA के तहत गिरफ्तारी की मांग को लेकर ओवैसी की पार्टी AIMIM ने दिल्ली के जंतर मंतर पर विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। पार्टी की दिल्ली यूनिट के अध्यक्ष कलीमुल हफीज ने दिल्ली पुलिस पर प्रदर्शन न करने देने का आरोप लगाया है।

उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि गुस्ताख ए रसूल के विवादित बयान पर नूपुर और नवीन को दिल्ली पुलिस न तो गिरफ्तार कर रही और न ही इन मुजरिमों के खिलाफ प्रदर्शन करने दे रही है जो जम्हूरियत का कत्ल है। उन्होंने कहा कि आखिरी वक्त में जंतर मंतर जाने से रोक दिया, लेकिन हम रुकने वाले नहीं, हम संसद मार्ग थाना पहुंच रहे हैं, विरोध दर्ज कराएंगे और पुलिस को ज्ञापन देंगे।

बता दें कि बीजेपी की राष्ट्रीय प्रवक्ता रही नूपुर शर्मा और दिल्ली बीजेपी के मीडिया इंचार्ज रहे नवीन कुमार जिंदल ने पैगंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी की थी। इस मामले में दोनों के खिलाफ AIMIM की दिल्ली यूनिट ने शाहीन बाग थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। पार्टी ने केस दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार करने की मांग की थी।

BJP ने दोनों नेताओं को पार्टी से किया बाहर

इस मसले पर सऊदी अरब, ईरान, कतर समेत अन्य देशों ने भी नाराजगी व्यक्त की थी, इसके बाद बीजेपी की तरफ से दोनों नेताओं के खिलाफ करवाई की गई। मुस्लिम संगठनों के प्रदर्शनों और कुवैत, कतर, सऊदी अरब एवं ईरान जैसे देशों की तीखी प्रतिक्रिया के बीच बीजेपी ने एक बयान जारी कर कहा था कि वह सभी धर्मों का सम्मान करती है। पार्टी ने कहा था कि वह किसी भी धर्म के पूजनीय लोगों के अपमान की कड़ी निंदा करती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।