Assembly elections 2022 live updates: आगामी पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही इस बार चुनाव आयोग (Election Commission) कोरोना महामारी के चलते पहले से ज्यादा सख्ती बनाए हुए है। निर्वाचन आयोग ने अब 11 फरवरी तक रैलियों पर प्रतिबंध बढ़ा दिया है। हालांकि, जनसभाओं के लिए लागू प्रतिबंधों में कुछ ढील दी गई है।
चुनाव आयोग ने सोमवार को आदेश जारी कर बताया कि रोड शो, पदयात्रा, वाहन रैलियों और जुलूसों पर लगा प्रतिबंध 11 फरवरी तक बढ़ा दिया गया है। वहीं, डोर-टू-डोर प्रचार करने वालों की संख्या को मौजूदा 10 से बढ़ाकर 20 (सुरक्षाकर्मियों को छोड़कर) कर दिया है। इसके साथ ही चुनाव आयोग ने जनसभाओं में अधिकतम 1,000 लोगों के शामिल होने की अनुमति प्रदान कर दी।
मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा ने चुनाव आयुक्त राजीव कुमार और अनूप चंद्र पांडे के साथ चुनावी राज्यों-गोवा, मणिपुर, पंजाब, उत्तराखंड तथा उत्तर प्रदेश में कोविड -19 की वर्तमान स्थिति की व्यापक समीक्षा की और संबंधित निर्णय लिया।
निर्वाचन आयोग ने एक बयान में कहा कि निर्णय लिया गया है कि 11 फरवरी, 2022 तक किसी भी रोड शो, पदयात्रा, और साइकिल एवं बाइक सहित अन्य किसी भी वाहन रैलियों तथा जुलूस की अनुमति नहीं दी जाएगी।
बयान में कहा गया कि आयोग ने चुनाव के सभी चरणों के लिए एक फरवरी, 2022 से खुले स्थानों पर राजनीतिक दलों या चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की जनसभाओं में मौजूदा संख्या 500 की जगह अधिकतम 1,000 या मैदान की क्षमता का 50 प्रतिशत, या एसडीएमए द्वारा निर्धारित सीमा के अनुसार, इनमें से जो भी कम हो, लोगों के शामिल होने की अनुमति देने का भी निर्णय लिया है।
आयोग ने डोर-टू-डोर प्रचार अभियान के लिए भी सुरक्षाकर्मियों के अतिरिक्त 10 लोगों की जगह अब 20 लोगों को शामिल होने की अनुमति दी है। साथ ही इनडोर आयोजनों में 500 लोगों की अधिकतम क्षमता रखी गई है।