UP Assembly Elections 2022 Live Updates: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के छठे चरण में आज3 मार्च को 10 जिलों की 57 सीटों पर मतदान हुआ। शाम 5 बजे तक 53% मतदान हुआ है। आज जिन इलाकों में मतदान हुआ उनमें गोरखपुर, बलिया, कुशीनगर, बस्ती, संत कबीर नगर, अंबेडकर नगर और देवरिया शामिल है। आज कई बड़े नेताओं की किस्मत का फैसला मत पेटियों में बंद हो गया। इनमें यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, कांग्रेस के अजय कुमार लल्लु और समाजवादी पार्टी के स्वामी प्रसाद मौर्य शामिल हैं।
कितने प्रत्याशी थे मैदान में?
छठवें चरण में 676 प्रत्याशी मैदान में हैं। राज्य के सीएम योगी आदित्यनाथ ने पूजा अर्चना के बाद अपना वोट डाला। उन्होंने गोरखपुर के प्राथमिक विद्यालय गोरखनाथ कन्या नगर क्षेत्र में अपना वोट डाला। इससे पहले सीएम योगी जनता से अपने लिए मतदान की अपील की। योगी ने कहा कि मतदान अब निर्णायक चरण में पहुंच गया है। आपने पिछले 5 सालों में विकास परियोजनाओं को देखा है। एम्स के उद्घाटन से लेकर कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक। अब समय हममें और आतंकवाद का समर्थन करने वाले लोगों के बीच चुनाव करने का है। आपका 1 वोट यूपी को भारत की नंबर 1 अर्थव्यवस्था बना देगा।
बहुजन समाज पार्टी BSP) की प्रमुख मायावती ने ट्वीट कर कहा, ‘यूपी के 10 जिलों की 57 विधानसभा सीटों पर आज की वोटिंग में भी अपने एक-एक वोट के मताधिकार से रोटी-रोजी और रोजगार-युक्त अच्छे दिन के लिए सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय की बीएसपी सरकार बनाना सुनिश्चित करें। वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में आज छठे चरण की वोटिंग है। सभी मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे लोकतंत्र के इस पावन पर्व में पूरे उमंग और उत्साह से भाग लें और मतदान करें। आपका वोट न केवल लोकतंत्र को मज़बूत करेगा, बल्कि नए उत्तर प्रदेश के निर्माण में भी सहयोग करेगा।
कई जगह EVM खराब होने से मतदान प्रभावित
बलिया की फेफना विधानसभा के नगर पंचायत चितबड़ागांव के शिवरात्रि के पोखरा भाग संख्या 217 पर ईवीएम खराब होने से मतदान प्रभावित हो गया है। वहीं, बांसडीह विधानसभा के जूनियर हाई स्कूल बूथ 154 पर मतदान 45 मिनट बाद शुरू हुआ, मशीन खराब होने के चलते मतदान प्रभावित हुआ।
दोपहर 3 बजे तक 46.70% वोटिंग
यूपी विधानसभा चुनाव के छठें चरण में 10 जिलों में दोपहर 3 बजे तक 46.70 फीसदी मतदान हुआ। अभी तक अंबेडकरनगर में 52.42 फीसदी, बलिया में 46.50 फीसदी, बलरामपुर में 42.51 फीसदी, बस्ती में 46.30 फीसदी, देवरिया में 45.37 फीसदी, गोरखपुर में 46.46 फीसदी, कुशीनगर में 48.55 फीसदी, महाराजगंज में 47.59 फीसदी, संतकबीरनगर में 44.62 फीसदी, सिद्धार्थनगर में 45.60 फीसदी वोटिंग हुई।
दोपहर 1 बजे तक 36.33 फीसदी वोटिंग
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के छठें चरण में 10 जिलों में दोपहर एक बजे तक 36.33 फीसदी वोटिंग हुई है। अंबेडकरनगर में 40.36 फीसदी, बलिया में 36.27 फीसदी, बलरामपुर में 29.60 फीसदी, बस्ती में 37.49 फीसदी, देवरिया में 35.02 फीसदी, गोरखपुर में 36.57 फीसदी, कुशीनगर में 39.33 फीसदी, महाराजगंज में 35.39 फीसदी, संतकबीरनगर में 34.33 फीसदी और सिद्धार्थनगर में 36.51 फीसदी वोटिंग हुई।
यूपी विधानसभा चुनाव के छठे चरण के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उम्मीदवारी वाले गोरखपुर सदर समेत 10 जिलों की 57 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान गुरूवार सुबह सात बजे से जारी। छठे चरण में सुबह 11 बजे तक 21.79% मतदान हुआ है।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के छठे चरण में सुबह 9 बजे तक कुल 8.69 फीसदी वोटिंग हुई है। सबसे ज्यादा बस्ती जनपद में 9.88 फीसदी वोटिंग का रिकॉर्ड किया गया। उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी B. D. राम तिवारी ने बताया कि सभी जगह मतदान शांतिपूर्ण ढंग से हो रहा है, सभी जगह पर मतदान का अच्छा माहौल है। कहीं से किसी भी अप्रिय घटना की कोई सूचना नहीं है।