UP Elections 2022: यूपी चुनाव में अकेले उतरेगी आजाद समाज पार्टी, चंद्रशेखर आजाद बोले- कांग्रेस से बातचीत जारी

कांग्रेस से गठबंधन के सवाल पर चंद्रशेखर ने कहा कि शाम तक वह चौंकाने वाली खबर सुना सकते हैं

अपडेटेड Feb 04, 2022 पर 2:25 PM
समाजवादी पार्टी से झटका मिलने के बाद चंद्रशेखर ने यह फैसला लिया है

UP Elections 2022: आजाद समाज पार्टी (Azad Samaj Party) के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद (Chandrashekhar Azad) ने मंगलवार को कहा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में अकेले चुनाव लड़ेगी। समाजवादी पार्टी से झटका मिलने के बाद चंद्रशेखर ने यह फैसला लिया है। हालांकि, कांग्रेस के साथ गठबंधन की संभावना के बारे में बोलते हुए चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि वह कांग्रेस के साथ गठबंधन पर बातचीत कर सकती है और इस बारे में शाम तक घोषणा कर सकती है।

कांग्रेस से गठबंधन के सवाल पर चंद्रशेखर ने न्यूज चैनल आज तक से कहा कि शाम तक वह चौंकाने वाली खबर सुना सकते हैं। उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करते हुए चंद्रशेखर ने कहा कि हम (यूपी में अन्य राजनीतिक दलों के लिए) एक विकल्प होंगे। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि मैंने विधायक और मंत्री बनने के प्रस्तावों को अस्वीकार कर दिया है।

भीम आर्मी (Bhim Army) के मुखिया चंद्रशेखर आजाद रावण ने सपा प्रमुख पर हमला बोलते हुए कहा कि हमारे बारे में कहा गया कि उनको पहले 25 सीट का वादा किया गया था। अगर सपा उनको 100 सीट भी देगी तो भी वह अब उनके साथ नहीं जाएंगे।


चंद्रशेखर ने कहा कि यह गलती जिन लोगों ने की है, उन्हें चुनाव के बाद पछतावा होगा। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी राज्य में अकेले ही चुनाव लड़ेगी। फिलहाल, उन्होंने 33 सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान किया है और आगे कुछ और कैंडिडेट उतारने की बात कही।

Republic Day 2022: खुफिया एजेंसियों को 26 जनवरी के दिन बड़े आतंकी हमले का मिला अलर्ट, गणतंत्र दिवस पर PM मोदी को टारगेट करने साजिश रच रहे हैं आतंकी

आजाद ने जिन सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान किया है, उनमें सिराथू, नोएडा, मेरठ कैंट, एत्मादपुर, गंगोह, हस्तिनापुर शामिल हैं। चंद्रशेखर ने कहा कि वह बीजेपी को रोकने के लिए विधानसभा चुनाव के बाद भी पार्टियों की मदद करेंगे। उन्होंने कहा कि आजाद समाज पार्टी ने बीएसपी प्रमुख मायावती से भी गठबंधन की कोशिश की थी, लेकिन उधर से कोई जवाब नहीं आया।

आजाद ने कहा कि मैंने कभी व्यक्तिगत खुशी की परवाह नहीं की। पिछले 5 सालों में मैंने बहुत कुछ खो दिया। मैं हाथरस, प्रयागराज और उन्नाव जैसी घटनाओं का विरोध करने के लिए जेल गया। उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष के बंटवारे के कारण बीजेपी सत्ता में लौटती है तो यह सभी का नुकसान होगा। आजाद ने कहा कि भीम आर्मी के कार्यकर्ता हमारी ताकत हैं।

चंद्रशेखर आजाद ने अखिलेश यादव पर बिना नाम लिए ही हमला बोलते हुए धोखे का आरोप लगाया है। चंद्रशेखर आजाद ने नोएडा में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा, 'आप जब अपनी बात से पलटते हैं तो धोखा करते हैं। मेरे साथ उनकी 25 सीटों को लेकर बात हुई थी। यूपी में अपनी पार्टी को मान्यता दिलाने के लिए 14 सीटों पर जीत या फिर 80 लाख वोटों की जरूरत होती है। इसलिए हमें कम से कम 30 सीटों पर लड़ने की जरूरत थी।'

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।