Baba Siddique Murder: बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में आरोपी धर्मराज कश्यप निकला बालिग, ऑसिफिकेशन टेस्ट में झूठ की खुल गई पोल

Baba Siddique Murder Case: महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी को बड़ी संख्या में लोगों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं की मौजूदगी में रविवार (13 अक्टूबर) रात कड़ी सुरक्षा के बीच राजकीय सम्मान के साथ सुपुर्द-ए-खाक किया गया। मुंबई पुलिस ने सिद्दीकी को मरीन लाइंस क्षेत्र के बड़ा कब्रिस्तान में बारिश के बीच 'गार्ड ऑफ ऑनर' दिया

अपडेटेड Oct 14, 2024 पर 10:33 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Baba Siddique Murder Case: बाबा सिद्दीकी की मुंबई में शनिवार (12 अक्टूबर) को तीन हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी

Baba Siddique Murder Case: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी धर्मराज राजेश कश्यप नाबालिग नहीं है। बाबा सिद्दीकी के हत्या मामले की जांच कर रही मुंबई पुलिस ने आरोपी धर्मराज कश्यप की उम्र का पता लगाने के लिए उसका ऑसिफिकेशन टेस्ट किया जिसमें यह साबित हो गया है कि वह नाबालिग नहीं है। बाबा सिद्दीकी की उपनगर बांद्रा में शनिवार (12 अक्टूबर) को तीन हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।

मुंबई पुलिस ने इस मामले में हरियाणा निवासी गुरमेल बलजीत सिंह (23) और उत्तर प्रदेश निवासी धर्मराज राजेश कश्यप (19) को गिरफ्तार किया है। जबकि गोलीबारी के वक्त घटनास्थल पर मौजूद उनका एक और साथी फरार है। एक अधिकारी ने बताया कि अपराध शाखा के दल ने आरोपियों को एक अदालत में पेश किया जहां धर्मराज कश्यप (Dharmaraj Kashyap) के वकील ने दावा किया कि वह नाबालिग है।

उन्होंने बताया कि अदालत ने रविवार को कश्यप का ऑसिफिकेशन टेस्ट कराने का आदेश दिया जिसमें यह साबित हो गया कि वह नाबालिग नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि उसे अदालत में पेश किया गया और 21 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।


मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने देर शाम को पुणे से 28 वर्षीय प्रवीण लोणकर को गिरफ्तार किया। वह निर्मल नगर में सिद्दीकी पर हुए हमले में शामिल शुभम लोणकर का भाई है। अधिकारी ने बताया कि दोनों भाइयों ने सिद्दीकी की हत्या की साजिश रची थी। इस साजिश में कश्यप तथा शिवकुमार गौतम को शामिल किया था। उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है।

हत्याकांड में अब तक तीन गिरफ्तार

मुंबई पुलिस ने बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में 28 वर्षीय एक व्यक्ति को पुणे से गिरफ्तार किया है। उसने अपने भाई के साथ मिलकर तीन कथित शूटर में से दो को यह काम सौंपा था। पुणे से गिरफ्तार किए गए इस व्यक्ति की पहचान प्रवीण लोणकर के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने सह-षड्यंत्रकारी बताया है। पुलिस ने कहा कि वह उसके भाई शुभम लोणकर की तलाश कर रही है। मामले में अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

क्राइम ब्रांच के अधिकारी के अनुसार, प्रवीण और शुभम ने दो कथित शूटर को हत्या का काम सौंपा था, जिनमें से एक उत्तर प्रदेश का निवासी है और दूसरे का नाम शिवकुमार गौतम है। गौतम फरार है, जबकि पुलिस ने उत्तर प्रदेश के निवासी और एक अन्य कथित शूटर को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान गुरमेल बलजीत सिंह (23) के रूप में हुई है।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस शुभम लोणकर की तलाश में पुणे गई थी। लेकिन वह वहां नहीं मिला। इसके बाद, पुलिस ने उसके भाई प्रवीण को अपराध में कथित संलिप्तता को लेकर गिरफ्तार कर लिया। 66 वर्षीय बाबा सिद्दीकी को शनिवार रात मुंबई के बांद्रा इलाके के खेर नगर में उनके विधायक बेटे जीशान सिद्दीकी के ऑफिस के बाहर तीन लोगों ने गोली मार दी। इसके बाद उन्हें लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया था।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने 15 टीम गठित की हैं, जो महाराष्ट्र से बाहर गई हैं। टीम यह पता लगाने के लिए जांच की जा रही है कि शूटरों को किसने साजोसामान की सहायता प्रदान की। मुंबई पुलिस उस सोशल मीडिया पोस्ट का सत्यापन कर रही है जिसमें लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के एक कथित सदस्य ने सिद्दीकी की हत्या की जिम्मेदारी ली है।

ये भी पढ़ें- Baba Siddique Murder: बाबा सिद्दीकी की हत्या का तीसरा आरोपी पुणे से गिरफ्तार, भाड़े पर हायर किए थे शूटर

अधिकारियों के अनुसार, क्राइम ब्रांच विभिन्न पहलुओं से भी जांच कर रही है, जिसमें सुपारी देकर हत्या कराए जाने, व्यवसाय या राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता या झुग्गी पुनर्वास परियोजना को लेकर धमकी के संभावित पहलू शामिल है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।