Bihar Politics: बिहार में अगले साल 2025 में होने वाला विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ा जाएगा इस पर अब सवाल उठने लगे हैं। दरअसल, बीजेपी के सीनियर नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे (Ashwini Choubey) ने एक ऐसा बयान दिया है जिसे लेकर बिहार में सियासी बवाल मच गया है। अश्विनी चौबे ने कहा है कि इस बार बिहार में NDA भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व में चुनाव लड़े। उनका कहना है कि बीजेपी के नेतृत्व में ही एनडीए की सरकार बननी चाहिए।
साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि बीजपी में बाहरी लोगों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी में आयातित माल हमें कभी बर्दाश्त नहीं है। पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री ने बिना नाम लिए बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी पर निशाना साधा है। बीजेपी नेता ने कहा कि पार्टी में आयातित माल बर्दाश्त नहीं करेंगे। BJPके संगठन को आयातित माल मजबूत नहीं करेंगे।
न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक अश्विनी चौबे ने कहा, "मेरी इच्छा है और मैंने पार्टी नेतृत्व से भी कहा है कि बिहार में बीजेपी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बननी चाहिए। पूर्ण बहुमत के साथ बीजेपी अपने दम पर सत्ता में आए और अपने NDA सहयोगियों को भी आगे बढ़ाए। यही मेरी मंशा है...। इसके लिए हर कार्यकर्ता को अभी से काम पर लग जाना चाहिए। मैं बिना किसी अपेक्षा के इसे बखूबी निभाऊंगा... मुझे लगता है कि हम नीतीश कुमार को साथ लेकर आगे बढ़ रहे थे, आज भी यही कर रहे हैं और आगे भी यही करेंगे...चुनाव के बाद सीएम का चेहरा तय होगा। पार्टी और केंद्रीय नेतृत्व यह तय करेगा। लेकिन हम पार्टी में 'आयातित' माल को स्वीकार नहीं करेंगे..."
उन्होंने पत्रकारों से बातचीत आगे कहा कि चुनावी राजनीति में न रहते हुए मैं सक्रिय राजनीतिक कार्यकर्ता के रूप में बिना किसी पद के लोभ के समाज सेवा करूंगा। चौबे ने कहा कि कार्यकर्ता के रूप में मैं देश और बिहार में, विशेष कर भागलपुर और बक्सर में लगातार सक्रिय रूप से अपनी भूमिका अदा करता रहूंगा। उन्होंने कहा कि अगले पांच साल तक मैं सक्रिय राजनीति में रहूंगा। नीट पेपर लीक पर चौबे ने कहा कि यह दुर्भाग्य है। शिक्षा माफियाओं पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह की घटना को अंजाम न दे सके।
नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (JDU) के राज्यसभा सांसद संजय झा ने कहा UW कि बिहार में NDA का मतलब है नीतीश कुमार... इसमें कोई कन्फ्यूजन नहीं है। वहीं, लालू प्रसाद की पार्टी RJD विधायक भाई वीरेंद्र ने दावा किया है कि बिहार के मुख्यमंत्री जल्द ही बीजेपी का साथ छोड़ देंगे और I.N.D.I.A. ब्लॉक में उनकी वापसी होगी।