Bihar Politics Crisis: बिहार में महागठबंधन सरकार की सरकार गिर चुकी है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। नीतीश कुमार ने राज्यपाल राजेंद्र वी आर्लेकर को रविवार सुबह अपना इस्तीफा सौंप दिया। अधिकारियों ने बताया कि राज्यपाल ने कुमार का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है और नई सरकार के गठन तक उन्हें कार्यवाहक मुख्यमंत्री बने रहने को कहा है। बताया जा रहा है कि नीतीश कुमार रविवार शाम करीब 5 बजे नौवीं बार सीएम पद की शपथ लेंगे। नीतीश कुमार के साथ बीजेपी नेता सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा डिप्टी सीएम बनेंगे।
इस्तीफे के बाद नीतीश कुमार का पहला बयान
राज्यपाल को इस्तीफा सौंपकर राजभवन से लौटने के बाद नीतीश कुमार ने पत्रकारों से कहा, "मैंने आज मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया।" उन्होंने कहा कि वह 'महागठबंधन' से अलग होकर नया गठबंधन बनाएंगे। यह पूछे जाने पर कि उन्होंने यह फैसला क्यों किया, नीतीश ने कहा, "अपनी पार्टी के लोगों से मिल रही राय के अनुसार मैंने आज अपने पद से इस्तीफा दे दिया।" नीतीश कुमार ने कहा कि महागठबंधन खत्म हो गया है। मैंने सभी के सुझाव सुने हैं। महागठबंधन में हालात अच्छे नहीं थे। हमने I.N.D.I.A. ब्लॉक बनाने की कोशिश की, लेकिन यह काम नहीं कर रहा।
उन्होंने कहा, "हमने पूर्व के गठबंधन (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) को छोड़कर नया गठबंधन बनाया था, लेकिन इसमें भी स्थितियां ठीक नहीं लगी। जिस तरह के दावे एवं टिप्पणियां लोग कर रहे थे, वे पार्टी के नेताओं को खराब लगे इसलिए आज हमने (त्यागपत्र) दे दिया और हम अलग हो गए।" उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) सहित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के अन्य घटक दलों की ओर इशारा करते हुए कहा, "पहले साथ रहे अन्य दल आज ही मिलकर तय करेंगे कि नई सरकार के गठन को लेकर क्या फैसला करना है। इंतजार करिए...।"
नीतीश कुमार पर "अवसरवादी" होने के लगाए जा रहे आरोपों को लेकर उन्होंने इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (I.N.D.I.A.) के गठन में अपनी भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा, "हमने गठबंधन कराया लेकिन कोई कुछ काम ही नहीं कर रहा था... तो हमने बोलना छोड़ दिया था।"
कांग्रेस ने की 'गिरगिट' से तुलना
नीतीश के इस्तीफा देने के बाद कांग्रेस ने उनकी तुलना 'गिरगिट' से की और कहा कि राज्य की जनता उनके विश्वासघात को कभी माफ नहीं करेगी। उसने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं BJP 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' से डरे हुए हैं और इससे ध्यान भटकाने के लिए यह राजनीतिक नाटक रचा गया। दूसरी ओर, BJP नेता विनोद तावड़े ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी के विधायकों ने JDU के समर्थन से बिहार में NDA की सरकार बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
JDU ने नीतीश का किया बचाव
जनता दल यूनाइटेड (JDU) के नेता केसी त्यागी ने कहा, "हमें अफसोस है कि हमने कांग्रेस पार्टी को देश की राजनीति में स्वीकार्यता दिलाई, यह पार्टी राजनीति में अछूत हो चुकी थी। TMC, AAP, समाजवादी पार्टी आदि सभी पार्टियों ने गैर बीजेपी, गैर कांग्रेस मोर्चे की कोशिश की थी... यह सिर्फ नीतीश कुमार थे जिनकी वजह से I.N.D.I.A. गठबंधन बना और कांग्रेस को फिर से राजनीति में पुनः स्थापित करने और सम्मान दिलाने का काम हमने किया।"
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा, "...आने वाले दिनों में सरकार की क्या रूपरेखा होती है, एजेंडे में किस-किस चीज को जोड़ा जाता है...इन विषयों पर चर्चा होगी। आज महत्वपूर्ण था कि मौजूदा और पूर्व मुख्यमंत्री (नीतीश कुमार) पहले इस्तीफा दें और उसके बाद वे पुन: शपथ लें...मैं NDA के सहयोगी के तौर पर शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने जा रहा हूं..."