RJD नेता और महागठबंधन में CM पद का चेहरा तेजस्वी यादव के 31वें जन्मदिन के मौके पर परिवार और पार्टी से जुड़े लोगों ने उन्हें जन्मदिन पर बधाई दी। इस बीच घर के अंदर तेजस्वी की केक काटने की एक तस्वीर भी सामने आई। इस तस्वीर में तेजस्वी अपनी मां राबड़ी देवी, भाई तेज प्रताप और बहन मीसा भारती के साथ खड़े दिखे। इस दौरान परिवार से जुड़े लोग उन्हें केक खिलाते नजर आए। इस बीच तेजस्वी को जन्मदिन की बधाई देने के लिए उनके आवास के बाहर भी उनके समर्थकों की भीड़ जुट गई। हाथ में मिठाई और फूल लिए तेजस्वी के समर्थक उनके घर के बाहर बड़ी संख्या में जुटे दिखे। राघोपुर विधान सभा क्षेत्र से चुनावी दंगल में उतरे तेजस्वी राजनीति में कदम रखने से पहले एक क्रिकेटर थे। 2008 से 2012 तक IPL में दिल्ली की टीम का हिस्सा रहे तेजस्वी ने 2012 में क्रिकेट को छोड़कर राजनीति के मैदान में कदम रखा। 2015 में वो नीतीश की सरकार में डिप्टी CM भी रहे थे।
उधर बिहार विधान सभा चुनाव के नतीजे कल यानि 10 नवंबर को आएंगे। लेकिन उससे पहले पटना में तेजस्वी यादव के पोस्टर लगा दिए गए हैं। तेजस्वी यादव के 31वें जन्मदिन के मौके पर RJD कार्यकर्ताओं ने पटना की सड़कों पर उनके कई पोस्टर लगाए। इन पोस्टरों में RJD कार्यकर्ताओं ने चुनाव के नतीजे आने से पहले ही तेजस्वी को बिहार का CM बता दिया। पोस्टर में तेजस्वी को बिहार का सबसे युवा CM बताया गया।
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।
