BJP ने चुनाव आयोग से की हरियाणा चुनाव की तारीख बदलने की अपील, कांग्रेस ने बताया 'बचकानी' हरकत

Haryana Assembly Election 2024: शनिवार को प्रदेश बीजेपी के एक नेता ने कहा कि पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख ने आयोग को पत्र भेजा है। हरियाणा के मुख्य चुनाव अधिकारी पंकज अग्रवाल ने पुष्टि की कि आयोग को शुक्रवार को ई-मेल के जरिए पत्र की एक कॉपी मिली है। अग्रवाल ने कहा, "हमें प्रदेश बीजेपी से पत्र मिला है और हमने इसे चुनाव आयोग को भेज दिया है।

अपडेटेड Aug 24, 2024 पर 6:53 PM
Haryana Election: BJP ने चुनाव आयोग से की हरियाणा चुनावी की तारीख बदलने की अपील

भारतीय जनता पार्टी की हरियाणा इकाई ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर एक अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव को कुछ समय के लिए टालने का अनुरोध किया है। पार्टी ने चुनाव की तारीख से पहले और बाद में छुट्टियों का हवाला देते हुए कहा है कि इससे मतदान प्रतिशत कम हो सकता है। लॉन्ग वीकेंड के कारण कम मतदान पर चिंता जताई। कांग्रेस ने BJP की इन चिंताओं को तुरंत खारिज कर दिया और इसे चुनाव से पहले सत्तारूढ़ दल की घबराहट का संकेत माना।

न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, शनिवार को प्रदेश बीजेपी के एक नेता ने कहा कि पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख ने आयोग को पत्र भेजा है। हरियाणा के मुख्य चुनाव अधिकारी पंकज अग्रवाल ने पुष्टि की कि आयोग को शुक्रवार को ई-मेल के जरिए पत्र की एक कॉपी मिली है।

अग्रवाल ने पीटीआई-भाषा से कहा, "हमें प्रदेश बीजेपी से पत्र मिला है और हमने इसे चुनाव आयोग को भेज दिया है।’’


लोग लॉन्ग वीकेंड पर छुट्टी पर चले जाते हैं: BJP

भारतीय जनता पार्टी (BJP) की राज्य चुनाव प्रबंधन समिति के सदस्य वरिंदर गर्ग ने कहा, "हमने तर्क दिया है कि एक अक्टूबर को विधानसभा चुनाव की तारीख से पहले वीकेंड पर छुट्टी है और उसके बाद कुछ छुट्टियां हैं, जिससे मतदान प्रतिशत प्रभावित हो सकता है, क्योंकि लोग लॉन्ग वीकेंड पर छुट्टी पर चले जाते हैं।"

PTI के मुताबिक, गर्ग ने शनिवार को फोन पर कहा, "हमने इस संबंध में आयोग को पत्र लिखा है। बेहतर मतदान प्रतिशत के लिए, छुट्टियों की श्रृंखला समाप्त होने के बाद कोई भी नयी तारीख ठीक रहेगी।"

उन्होंने कहा, "शनिवार (28 सितंबर) को कई लोगों के लिए छुट्टी रहती है, जबकि रविवार को भी छुट्टी है। एक अक्टूबर को राज्य में चुनाव की छु्ट्टी है, इसके बाद दो अक्टूबर को गांधी जयंती है, जो अवकाश है और तीन अक्टूबर को महाराजा अग्रसेन जयंती के कारण भी अवकाश है।"

बचकाना तर्क दे रही बीजेपी

वहीं इस पर कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि बीजेपी मतदाताओं का सामना करने से बचने के लिए "बचकाना तर्क" दे रही है।

उन्होंने X पर पोस्ट किया, "हरियाणा बीजेपी ने चुनाव आयोग को चुनाव टालने के लिए पत्र लिखा है, जो यह दर्शाता है कि बीजेपी चुनाव से किस कदर घबराई हुई है। अपनी हार सामने देख सत्ताधारी पार्टी की ओर से बचकाने तर्क दिए जा रहे हैं। क्योंकि उसके पास न कोई मुद्दा है, न जनता को बताने लायक कोई काम या उपलब्धि और न ही टिकट देने लायक 90 उम्मीदवार। इसलिए बीजेपी छुट्टियों का बहाना बनाकर चुनाव टालने की साजिश कर रही है।"

उन्होंने आगे कहा कि हरियाणा के मतदाता बेहद जागरुक हैं। वो कहीं छुट्टी मनाने नहीं जाएंगे, बल्कि बीजेपी की छुट्टी करने के लिए भारी संख्या में मतदान केंद्र आकर वोट देंगे।

Haryan Election 2024: भूपिंद्र हुड्डा के गढ़ रोहतक में इस बार नए चेहरों पर दाव लगा सकती है BJP

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।