केंद्र में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (BJP) के 43वें स्थापना दिवस पर गुरुवार को पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने भारत को भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और कानून-व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों से मुक्त करने की प्रतिबद्धता पर भी जोर दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि इनकी संस्कृति परिवारवाद, वंशवाद, जातिवाद और क्षेत्रवाद की रही है। जबकि भारतीय जनता पार्टी की राजनीतिक संस्कृति प्रत्येक देशवासी को साथ लेकर चलने की है।
इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि यह बात सही है कि 2024 में बीजेपी के कोई हरा नहीं सकता है। लेकिन हमें चुनाव के साथ लोगों का दिल भी जीतना है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "2024 के आम चुनावों में कोई भी BJP को हरा नहीं सकता है, लेकिन पार्टी को चुनाव से परे जाना चाहिए और लोगों का दिल जीतने का लक्ष्य रखना चाहिए। हमें बीजेपी को 21वीं सदी की पार्टी बनाना है।"
भारत को लोकतंत्र की जननी करार देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि शुरू से ही बीजेपी की आस्था जनता के विवेक पर रही है और दिनों दिन वह आस्था और मजबूत होती जा रही है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने लोकतंत्र की कोख से जन्म लिया। बीजेपी लोकतंत्र के अमृत से पोषित है। बीजेपी देश के लोकतंत्र एवं उसके संविधान को मजबूत करते हुए समर्पण भाव से दिन-रात देश के लिए काम कर रही है।
BJP को विकास, विश्वास और नए विचार का पर्याय बताते हुए प्रधानमंत्री ने मुफ्त राशन सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया और कहा कि सामाजिक न्याय उनकी पार्टी की विचारधारा का आधार है। प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते वर्षों में बहुत सारे दलों ने सामाजिक न्याय के नाम पर राजनीति का दिखावा किया और इन दलों के मुखिया अपने परिवार का भला करते रहे।
80 करोड़ गरीबों को बिना भेदभाव मिल रहा मुफ्त राशन
पीएम मोदी ने कहा कि उन्होंने समाज की कतई चिंता नहीं की। जबकि बीजेपी सामाजिक न्याय को जीती है, उसकी भावना का अक्षरश: पालन करती है। 80 करोड़ गरीबों को बिना भेदभाव मुफ्त राशन मिलना सामाजिक न्याय का ही प्रतिबिंब है। 50 करोड़ गरीबों को बिना भेदभाव 5,00,000 रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा मिलना सामाजिक न्याय की ही सशक्त अभिव्यक्ति है।
उन्होंने कहा कि बीजेपी सही अर्थों में देश के दबे कुचले समाज के लिए आशा की किरण बनी हुई है। विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि ऐसे दलों की संस्कृति परिवारवाद, वंशवाद, जातिवाद और क्षेत्रवाद की रही है।
विपक्षी दलों ने महिलाओं की परवाह नहीं की
उन्होंने कहा कि जबकि बीजेपी की राजनीतिक संस्कृति प्रत्येक देशवासी को साथ लेकर चलने की है। कांग्रेस जैसी पार्टियों की संस्कृति छोटा-छोटा सोचना, छोटे सपने देखना और उससे भी कम हासिल करके खुशियां मनाना है। खुशी मतलब एक दूसरे की पीठ थपथपाना है। बीजेपी की राजनीतिक संस्कृति है बड़े सपने देखना और उससे भी ज्यादा हासिल करने के लिए जी जान से खप जाना।
प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों की संस्कृति में महिलाओं की चुनौतियों की परवाह ही नहीं की जाती है। जबकि बीजेपी की राजनीतिक संस्कृति महिलाओं के जीवन को आसान बनाना रही है। बता दें कि BJP ने अपने स्थापना दिवस से 14 अप्रैल को बाबा साहेब डॉक्टर बी.आर. आंबेडकर की जयंती तक विशेष सप्ताह मनाने का फैसला किया है। पार्टी 11 अप्रैल को महात्मा ज्योतिबा फुले के जन्मशताब्दी दिवस के अवसर पर अनेक स्थानों पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करेगी।