उत्तराखंड चुनाव 2022: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने गुरुवार को उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए 59 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की। इस सूची में बॉलीवुड सिंगर जुबीन नौटियाल के पिता रामशरण कौटियाल का भी नाम शामिल है। BJP ने जुबीन नौटियाल के पिता रामशरण कौटियाल को उत्तराखंड के चकराता विधानसभा सीट से अपना प्रत्याशी बनाया है।
चकराता विधानसभा सीट पर पिछले विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने पिछली बार मधु चौहान को टिकट दिया था, जो महज 1,500 वोटों के अंतर से उत्तराखंड कांग्रेस के कद्दावर नेता और चार बार के विधायक प्रतीम सिंह से हार गई थीं। पिछले चुनाव में मधु चौहान के प्रदर्शन को देखते हुए इस बार भी उनके कार्यकताओं को मधु चौहान को ही टिकट मिलने की उम्मीद थी, लेकिन बीजेपी ने इस बार उनकी जगह जुबीन नौटियाल के पिता रामशरण कौटियाल को टिकट देना उचित समझा है।
उत्तराखंड के पूर्व CM बीसी खंडूरी की विधायक बेटी का कटा टिकट
बीजेपी ने पहली लिस्ट में अपने 10 मौजूदा विधायकों के टिकट काटे हैं। इनमें एक बड़ नाम कुंवर प्रणव चैंपियन का है, जो अक्सर अपने बयानों और जीवनशैली के चलते विवादों में रहते हैं। पार्टी ने कुंवर प्रणव चैंपियन की जगह उनकी पत्नी देवयानी कुंवर प्रणव चैंपियन को टिकट दिया है। ये खानपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगी।
बता दें कि उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए एक ही चरण में 14 फरवरी को मतदान होगा। मतगणना 10 मार्च को होगी। 2017 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 70 में से 57 सीटें जीतकर इस पहाड़ी राज्य में अपनी सरकार बनाई थी। हालांकि इस 5 सालों के कार्यकाल के दौरान बीजेपी ने तीन बार अपना मुख्यमंत्री बदला। वहीं कांग्रेस को उस चुनाव में सिर्फ 11 सीटों पर जीत मिली थी, जबकि 2 सीटें निर्दलियों के खाते में गई थीं।