भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने उत्तराखंड की कुल 70 विधानसभा सीटों में से 59 सीटों के लिए गुरुवार को अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। पहली लिस्ट में उत्तराखंड के मौजूदा CM पुष्कर सिंह धामी का भी नाम है, जो खटीमा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। वहीं पार्टी ने उत्तराखंड बीजेपी के अध्यक्ष मदन कौशिक को हरिद्वार शहर विधानसभा सीट से टिकट दिया है।
बीजेपी उम्मीदवारों की सूची जारी करते हुए केंद्रीय मंत्री और उत्तराखंड चुनाव के बीजेपी प्रभारी प्रहलाद पटेल ने बताया 59 सीटों में 5 सीटों पर महिलाओं को टिकट दिया गया है। वहीं इनमें 13 ब्राह्राण समुदाय और 3 बनिया समुदाय के नेता शामिल हैं। प्रहलाद पटेल ने बताया कि पार्टी बाकी बची 11 सीटों पर जल्द ही उम्मीदवारों के नामों का ऐलान करेगी।
उमेश शर्मा काऊ को भी मिला टिकट
बीजेपी उम्मीदवारों की पहली लिस्ट में उमेश शर्मा काऊ का भी नाम शामिल है। पार्टी ने उन्हें रायपुर विधानसभा सीट से टिकट दिया है। इसके साथ ही उमेश शर्मा काऊ की बीजेपी से नाराजगी को लेकर चल रही तमाम खबरों पर ब्रेक लग गया है। बता दें कि कुछ दिनों पहले तक राजनीतिक गलियारों में ऐसी खबरें थीं कि उमेश शर्मा काऊ बीजेपी नेतृत्व से नाराज है और वह हरक सिंह रावत के साथ कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं।
बता दें कि उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए एक ही चरण में 14 फरवरी को मतदान होगा। मतगणना 10 मार्च को होगी। 2017 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 70 में से 57 सीटें जीतकर इस पहाड़ी राज्य में अपनी सरकार बनाई थी। हालांकि इस 5 सालों के कार्यकाल के दौरान बीजेपी ने तीन बार अपना मुख्यमंत्री बदला। वहीं कांग्रेस को उस चुनाव में सिर्फ 11 सीटों पर जीत मिली थी, जबकि 2 सीटें निर्दलियों के खाते में गई थीं।