Budget 2024: संसद भवन में अगर आप प्रवेश करना चाहते हैं तो इसके लिए नियमों में बदलाव कर दिया गया है। पिछले साल 13 दिसंबर को संसद में हुई घटना (Parliament Security Breach) के बाद नियमों में बदलाव किया गया है। ऐसे में बजट सत्र के दौरान कार्यवाही देखने के लिए संसद जाने वाले विजिटर्स को को अपना बायोमैट्रिक इंप्रेशन और फोटो देना होगा। लोकसभा की ओर से जारी किए गए बुलेटिन में कहा गया है कि विजिटर्स को प्रवेश की अनुमति तभी दी जाएगी। जब उनके पास प्रवेश के लिए जारी किए गए स्मार्ट कार्ड होंगे।
शीतकालीन सत्र के दौरान सुरक्षा उल्लंघन के बाद उठाए गए ये कुछ नए कदम हैं। बता दें कि 31 जनवरी से बजट सत्र शुरू हो रहा है। ऐसे में इस बार सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। जो लोग दर्शक के तौर पर संसद में आना चाहते हैं, उनकी गहन जांच होगी।
संसद में विजिटर्स को कैसे मिलेगी एंट्री?
नए नियम के मुताबिक संसद में प्रवेश के लिए विजिटर्स को ऑनलाइन अप्लाई करना होगा। इसकी मंजूरी मिलने के बाद यूजर्स के मोबाइल पर पहले एक QR कोड आएगा। QR कोड और आधार दिखाने के बाद दर्शक को बॉयोमैट्रिक इंप्रेशन देकर फोटो खिंचवाना होगा। इसके बाद उसे स्मार्ट कार्ड (Smart Cards) जारी किया जाएगा। संसद में दर्शकों को इस स्मार्ट कार्ड को हर गेट पर कार्ड दिखाने और बायोमैट्रिक की पुष्टि के बाद ही अंदर प्रवेश मिलेगा। हालांकि एक संसद सदस्य अब एक दिन में पांच दर्शकों के पास के लिए अप्लाई कर सकते हैं। पहले इसकी संख्या 4 थी। वहीं सुरक्षा कारणों से विजिटर्स गैलरी के लिए ग्रुप पास और उसी दिन के पास बंद कर दिए गए हैं। इससे पहले सांसदों के दस्तखत वाले एप्लीकेशन के जरिए पेपर पास जारी किए जाते थे।
जानिए ऑनलाइन कैसे करें अप्लाई
सांसद संसद की आधिकारिक वेबसाइट यानी https://sansad.in/ पर विजिट करना होगा। सदस्य के लॉगिन क्रेडेंशियल के जरिए लॉग इन किया जा सकता है। इसके बाद ‘गैलरी पास’ पर क्लिक करके तय प्रक्रिया और मानदंडों के मुताबिक अंतरिम बजट के दिन को छोड़कर, विजिटर पास के लिए अप्लाई किया जा सकता है। पुलिस वेरिफिकेशन के लिए 3 दिन पहले विजिटर के पास के लिए भेजना होगा।