Amarinder Singh: पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह इस दिन BJP में होंगे शामिल

80 वर्षीय कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मुख्यमंत्री पद से अचानक इस्तीफा देने के बाद पिछले साल कांग्रेस छोड़ दी थी और पंजाब लोक कांग्रेस (PLC) का गठन किया था

अपडेटेड Sep 16, 2022 पर 4:02 PM
Story continues below Advertisement
अमरिंदर सिंह अपनी नवगठित पार्टी का बीजेपी में विलय भी करेंगे

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और पंजाब लोक कांग्रेस (PLC) के प्रमुख कैप्टन अमरिंदर सिंह (Captain Amarinder Singh to join BJP) अगले सप्ताह भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होंगे। पार्टी के एक प्रवक्ता ने शुक्रवार को न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि अमरिंदर सिंह अपनी नवगठित पार्टी का बीजेपी में विलय भी करेंगे।

80 वर्षीय सिंह ने मुख्यमंत्री पद से अचानक इस्तीफा देने के बाद पिछले साल कांग्रेस छोड़ दी थी और पीएलसी का गठन किया था। वह दिल्ली में बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और अन्य नेताओं की मौजूदगी में पार्टी में शामिल होंगे। पीएलसी के प्रवक्ता प्रीतपाल सिंह बलियावाल ने फोन पीटीआई को बताया कि पीएलसी में शामिल हुए सात पूर्व विधायक और एक पूर्व सांसद भी सोमवार को भगवा पार्टी में शामिल होंगे।

पीएम मोदी और अमित शाह से की थी मुलाकात


उन्होंने बताया कि पीएलसी के अन्य पदाधिकारी और जिला अध्यक्ष अगले सप्ताह चंडीगढ़ में एक अलग कार्यक्रम में बीजेपी में शामिल होंगे। रीढ़ की हड्डी की सर्जरी के बाद लंदन से हाल में लौटे अमरिंदर सिंह ने बीते पखवाड़े में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी।

ये भी पढ़ें- SCO Summit 2022 Live: 'हम भारत को मैन्युफैक्चरिंग हब बनाना चाहते हैं', पढ़िए, PM मोदी के संबोधन की बड़ी बातें

सिंह ने 12 सितंबर को शाह के साथ अपनी मुलाकात के बाद कहा था कि उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा, पंजाब में मादक पदार्थ-आतंकवाद के बढ़ते मामलों और राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए भविष्य की रूपरेखा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर बहुत सार्थक चर्चा की।

चन्नी को सीएम बनाए जाने के बाद दे दिया था इस्तीफा

बीजेपी की पंजाब इकाई के नेता हरजीत सिंह ग्रेवाल ने जुलाई में कहा था कि सिंह ने लंदन जाने से पहले भगवा पार्टी में अपनी पार्टी के विलय का इरादा जताया था। ग्रेवाल ने उस समय कहा था कि पूर्व मुख्यमंत्री लंदन से लौटने के बाद विलय की घोषणा करेंगे। दो बार मुख्यमंत्री रह चुके सिंह पूर्ववर्ती पटियाला शाही परिवार के वंशज हैं।

उन्होंने पिछले साल चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बनाए जाने के बाद कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। पीएलसी ने बीजेपी और सुखदेव सिंह ढींढसा की अगुवाई वाले शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) के साथ गठबंधन कर विधानसभा चुनाव लड़ा था। हालांकि, उसका एक भी उम्मीदवार जीत हासिल नहीं कर पाया था। इतना ही नहीं खुद सिंह को भी अपने गढ़ पटियाला शहरी सीट पर शिकस्त मिली थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।