Caste Census: UP में भी बिहार जातिवार जनगणना की गूंज, SP, BSP, कांग्रेस और अपना दल ने दिया ऐसी ही कवायद पर जोर
Caste Census: SP प्रमुख अखिलेश यादव, कांग्रेस और BJP के सहयोगी अपना दल (सोनेलाल) ने भी उत्तर प्रदेश और दूसरी जगहों पर अलग-अलग जातियों की आबादी का पता लगाने के लिए जातिवार गणना की वकालत की है। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) की उत्तर प्रदेश इकाई ने इस मुद्दे पर कोई टिप्पणी नहीं की है
MoneyControl News
अपडेटेड Oct 03, 2023 पर 5:56 PM
Cast Census: UP में भी बिहार जातिवार जनगणना की गूंज
Caste Census: पड़ोसी राज्य बिहार (Bihar) में जातिवार गणना सर्वेक्षण (Caste Base Census) रिपोर्ट जारी होने के बाद समाजवादी पार्टी (SP), बहुजन समाज पार्टी (BSP) और कांग्रेस (Congress) ने उत्तर प्रदेश में भी ऐसी ही गणना की मांग की है। BSP अध्यक्ष मायावती ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश सरकार से तुरंत जाति सर्वे शुरू करने की मांग करते हुए कहा कि कुछ पार्टियां इसके खिलाफ हैं, लेकिन अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए न्याय का यही एकमात्र तरीका है।
SP प्रमुख अखिलेश यादव, कांग्रेस और BJP के सहयोगी अपना दल (सोनेलाल) ने भी उत्तर प्रदेश और दूसरी जगहों पर अलग-अलग जातियों की आबादी का पता लगाने के लिए जातिवार गणना की वकालत की है। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) की उत्तर प्रदेश इकाई ने इस मुद्दे पर कोई टिप्पणी नहीं की है।
क्या बोलीं मायावती?
मायावती ने बिहार की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में भी जातिवार जनगणना कराए जाने की जरूरत बताते हुए मंगलवार को कहा कि दलितों और पिछड़ों को उनका वाजिब हक तभी मिलेगा, जब केंद्र सरकार राष्ट्रीय स्तर पर जनगणना कराएगी।
मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर किए गए सिलसिलेवार पोस्ट में कहा, "बिहार सरकार की तरफ से कराई गई जातीय जनगणना के आंकड़े सार्वजनिक होने की खबरें, आज खासी सुर्खियों में हैं और उस पर गहन चर्चाएं जारी हैं। कुछ पार्टियां इससे असहज जरूर हैं, लेकिन BSP के लिए ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) के संवैधानिक हक के लंबे संघर्ष की ये पहली सीढ़ी है।"
उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री ने इसी सिलसिले में किए गए एक दूसरे पोस्ट में कहा, "वैसे तो उत्तर प्रदेश सरकार को अब अपनी नीयत व नीति में जनभावना और जनअपेक्षा के अनुसार, सुधार करके जातीय जनगणना/सर्वे बिना देरी के शुरू करा देना चाहिए, लेकिन इसका सही समाधान तभी होगा, जब केंद्र सरकार राष्ट्रीय स्तर पर जातीय जनगणना कराकर उन्हें उनका वाजिब हक देना सुनिश्चित करेगी।"
मायावती ने एक और पोस्ट में कहा, "BSP को खुशी है कि देश की राजनीति उपेक्षित ‘बहुजन समाज’ के पक्ष में नयी करवट ले रही है, जिसका नतीजा है कि अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (SC/ST) आरक्षण को निष्क्रिय व निष्प्रभावी बनाने और घोर ओबीसी व मण्डल विरोधी जातिवादी और साम्प्रदायिक दल भी अपने भविष्य के प्रति चिंतित नजर आने लगे हैं।"
बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार ने 2024 के लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Election 2024) से पहले सोमवार को अपने बहुप्रतीक्षित जातिवार सर्वे के नतीजे जारी किए थे। इसके मुताबिक, OBC और अत्यंत पिछड़े वर्गों (EBC) की राज्य की कुल आबादी में 63 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
आंकड़ों के अनुसार, बिहार की कुल जनसंख्या 13.07 करोड़ से कुछ ज्यादा है, जिसमें से अत्यंत पिछड़ा वर्ग (36 प्रतिशत) सबसे बड़ा सामाजिक वर्ग है, इसके बाद अन्य पिछड़ा वर्ग 27.13 प्रतिशत है।
राजनीति छोड़ जातिवार जनगणना कराए BJP
बिहार में जातिवार सर्वेक्षण जारी होने के बाद SP प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि BJP सरकार को राजनीति छोड़ देनी चाहिए और देश भर में जातिवार जनगणना करानी चाहिए।
यादव ने X पर कहा, "जो वास्तव में अधिकार देना चाहते हैं, वे जातीय जनगणना करवाएं। BJP सरकार को राजनीति छोड़ कर देशव्यापी जातीय जनगणना करानी चाहिए।"
उन्होंने पोस्ट में कहा, "जब लोगों को पता चलता है कि वे (संख्या में) कितने हैं, तो उनमें एक आत्मविश्वास जागता है और सामाजिक अन्याय के खिलाफ एक सामाजिक चेतना भी जागती है। इससे उनकी एकता बढ़ती है और वे एकजुट होकर रास्ते में आने वाली बाधाओं को दूर करते हैं।"
यादव ने इसी पोस्ट में कहा, "नए रास्ते बनाते हैं और सत्ता और समाज के पारंपरिक शक्तिशाली लोगों की तरफ से किए गए अन्याय को भी खत्म करते हैं। इससे समाज समानता के रास्ते पर आगे बढ़ता है और देश एकीकृत रूप से विकसित होता है। जातिवार जनगणना देश की प्रगति का मार्ग है।"
यादव ने कहा कि अब ये तय है कि PDA (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) भविष्य की राजनीति की दिशा तय करेगा। SP अध्यक्ष ने पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक के संदर्भ में ‘PDA’ का जिक्र किया है।
वहीं केंद्रीय मंत्री और अपना दल (सोनेलाल) अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने भी इसे समय की जरूरत बताते हुए ‘जाति जनगणना और संविधान OBC मंत्री’ की मांग की है।
पटेल ने सोमवार को रायबरेली में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, "मेरी पार्टी हमेशा से जातीय जनगणना के पक्ष में है।" अपना दल (सोनेलाल) BJP के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) गठबंधन का सदस्य है।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता मनीष हिंदवी ने कहा कि उनकी पार्टी का विचार है कि पूरे देश में जातिवार जनगणना होनी चाहिए।
हिंदवी ने कहा, "समय आ गया है कि सभी को आगे बढ़ाया जाए। हमारी पार्टी को लगता है कि जातिवार जनगणना जरूरी है और पूरे देश में होनी चाहिए।"