CWC की बैठक के जरिए तेलंगाना, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और MP में चुनावी बिगुल फूंकेगी कांग्रेस, लोकसभा चुनाव पर भी होगी चर्चा

कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के अनुसार, कार्य समिति की इस बैठक के साथ ही कांग्रेस तेलंगाना (Telangana) के लिए छह ‘गारंटी’ देगी और सरकार बनने के तुरंत बाद, कर्नाटक की तर्ज पर उन्हें पूरा किया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि कांग्रेस तेलंगाना के साथ मध्य प्रदेश (MP), छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh), राजस्थान (Rajasthan) और मिजोरम (Mizoram) में भी जीत हासिल करेगी,

अपडेटेड Sep 15, 2023 पर 9:13 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
कांग्रेस (Congress) की दोबारा से बनाई गई, नई कार्य समिति (CWC) की पहली बैठक शनिवार को हैदराबाद होगी

कांग्रेस (Congress) की दोबारा से बनाई गई, नई कार्य समिति (CWC) की पहली बैठक शनिवार को हैदराबाद होगी, जिसमें अगले साल के लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Election) और इस साल पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों (Assembly Elections) की रणनीति पर मंथन किया जाएगा। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के अनुसार, कार्य समिति की इस बैठक के साथ ही कांग्रेस तेलंगाना (Telangana) के लिए छह ‘गारंटी’ देगी और सरकार बनने के तुरंत बाद, कर्नाटक की तर्ज पर उन्हें पूरा किया जाएगा।

उन्होंने उम्मीद जताई कि कांग्रेस तेलंगाना के साथ मध्य प्रदेश (MP), छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh), राजस्थान (Rajasthan) और मिजोरम (Mizoram) में भी जीत हासिल करेगी, जहां कुछ महीने बाद विधानसभा चुनाव होने हैं।

वेणुगोपाल ने मीडिया से कहा, "नवगठित कांग्रेस कार्य समिति की पहली बैठक 2.30 बजे होगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे इसकी अध्यक्षता करेंगे। पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी और कार्य समिति के सभी सदस्य इसमें शामिल होंगे। विशेष आमंत्रित सदस्य और स्थायी आमंत्रित सदस्य भी शनिवार की बैठक में मौजूद होंगे।"


उन्होंने बताया, "हमने 90 लोगों को कार्य समिति की बैठक के लिए आमंत्रित किया था। छह लोगों ने व्यक्तिगत कारणों से उपस्थित होने में असमर्थता जताई है।"

वेणुगोपाल ने कहा कि इस बैठक में कांग्रेस शासित राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी शामिल होंगे।

CWC की बैठक का पूरा शेड्यूल

कांग्रेस कार्य समिति की बैठक 16 सितंबर को होने के बाद अगले दिन विस्तारित कार्य समिति की बैठक होगी। विस्तारित कार्य समिति की बैठक में कार्य समिति के सभी सदस्यों के अलावा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और कई वरिष्ठ नेता भाग लेंगे।

इसके बाद 17 सितंबर की शाम हैदराबाद के नजदीक एक जनसभा होगी जिसे खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कई दूसरे नेता संबोधित कर सकते हैं।

वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस के सांसद संसद के पांच दिवसीय विशेष सत्र में शामिल होने के लिए दिल्ली रवाना हो जाएंगे, लेकिन पार्टी के दूसरे नेता तेलंगाना के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में जाकर जनता से संपर्क करेंगे। उन्होंने कहा कि BRS सरकार के खिलाफ ‘आरोप पत्र’ लाया जाएगा।

संसद का विशेष सत्र 18 सितंबर से शुरू हो रहा है।

न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, सूत्रों का कहना है कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (INDIA) की एकजुटता बढ़ाने पर भी चर्चा हो सकती है। सूत्रों ने कहा कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दूसरे चरण के बारे में भी कार्य समिति में चर्चा हो सकती है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्य समिति की इस बैठक में महंगाई, बेरोजगारी, अर्थव्यवस्था की स्थिति, चीन के साथ सीमा पर तनाव और कथित भ्रष्टाचार के मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति पर भी मंथन हो सकता है।

'PM ने कभी छत्तीसगढ़ के साथ भेदभाव नहीं किया' कांग्रेस के डिप्टी सीएम टीएस सिंह देव ने जमकर की मोदी की तारीफ

कांग्रेस ने 20 अगस्त को अपनी कार्य समिति का पुनर्गठन किया था जिसमें पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और राहुल गांधी समेत कई वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है।

इस कार्य समिति में 39 सदस्य, 32 स्थायी आमंत्रित सदस्य और 13 विशेष आमंत्रित सदस्य शामिल किए गए हैं। इस कार्य समिति में सचिन पायलट और शशि थरूर जैसे नेताओं को पहली बार जगह मिली है।

कांग्रेस कार्य समिति की बैठक ऐसे समय हो रही है जब उसने और दो दर्जन से अधिक विपक्षी दलों ने मिलकर विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ का गठन किया है।

‘इंडिया’ के घटक दलों ने फैसला किया है कि वे अगला लोकसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगे और जहां तक संभव हो सकेगा सीटों पर तालमेल करेंगे।

कांग्रेस की कोशिश है कि पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में अच्छा प्रदर्शन कर लोकसभा चुनाव के लिए अपनी दावेदारी को और मजबूत किया जाए।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।