Congress Meeting: कांग्रेस नेतृत्व ने मंगलवार (13 अगस्त) को पार्टी के महासचिवों, प्रदेश प्रभारियों और राज्य इकाइयों के प्रमुखों के साथ एक अहम बैठक की। इसमें आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों तथा संगठन को लेकर चर्चा की गई। नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय पर हुई इस बैठक में पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, महासचिव जयराम रमेश तथा कई अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे। सूत्रों का कहना है कि इस बैठक में संगठन तथा आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई।
बता दें कि महाराष्ट्र, हरियाणा और झारखंड में इस साल अक्टूबर-नवंबर महीने में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। जम्मू-कश्मीर में भी इस साल विधानसभा चुनाव कराए जाने की संभावना है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बेरोजगारी, महंगाई और संविधान पर हमले को लेकर मंगलवार को केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सरकार पर देश के गरीबो एवं मध्य वर्ग के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया।
जनता के बीच जाएगी कांग्रेस
खड़गे ने यह भी कहा कि कांग्रेस प्रमुख मुद्दों को लेकर अभियान शुरू करेगी और जनता के बीच जाएगी। कांग्रेस महासचिवों, राज्य प्रभारियों और प्रदेश इकाई के प्रमुखों के साथ बैठक के बाद खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया, "हमने चुनावी तैयारियों के लिए संगठनात्मक मामलों और राष्ट्रीय महत्व के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करने के लिए एआईसीसी महासचिवों, प्रभारियों और प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों की एक बैठक बुलाई।"
उन्होंने कहा, "सेबी और अदाणी के बीच सांठगांठ के चौंकाने वाले खुलासे की गहन जांच की जरूरत है। शेयर बाजार में छोटे निवेशकों का पैसा खतरे में नहीं डाला जा सकता। मोदी सरकार को तुरंत सेबी प्रमुख का इस्तीफा मांगना चाहिए और इस संबंध में जेपीसी (संयुक्त संसदीय समिति) का गठन करना चाहिए।" कांग्रेस प्रमुख ने भारतीय प्रतिभूति विनिमय बोर्ड (सेबी) की प्रमुख माधवी बुच के खिलाफ हिंडनबर्ग रिसर्च के आरोपों की पृष्ठभूमि में यह बात कही।
इन 5 मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी
कांग्रेस पार्टी की बैठक में 5 प्रमुख मुद्दों पर चर्चा हुई। इन पांचों मुद्दो को लेकर कांग्रेस पार्टी देशव्यापी प्रदर्शन के साथ सरकार के खिलाफ अभियान चलाएगी।
2. गरीबों, वंचितों और बेरोजगारी
4. किसानो के लिए MSP की गारंटी
5. रेल हादसों की जांच की मांग
22 अगस्त को देशव्यापी प्रदर्शन
कांग्रेस ने मंगलवार को कहा कि वह सेबी की प्रमुख माधवी बुच के इस्तीफे और 'अदाणी महाघोटाले' की जांच के लिए संयुक्त संसदीय समिति (JPC) गठित करने की मांग को लेकर आगामी 22 अगस्त को देशव्यापी प्रदर्शन करेगी। पीटीआई के मुताबिक कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा, "आज कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने महासचिवों, राज्य प्रभारियों और राज्य अध्यक्षों सहित कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेताओं की एक बैठक बुलाई थी। बैठक में 56 नेताओं ने भाग लिया और उनमें से 38 ने कई बहुमूल्य सुझाव दिये। हमने अदाणी और सेबी से संबंधित घोटाले पर चर्चा की।"
वेणुगोपाल ने कहा, "हमने 22 अगस्त को देशव्यापी आंदोलन शुरू करने का फैसला किया है। यह प्रदर्शन दो मांगों को लेकर होगा। पहली मांग है कि सेबी प्रमुख का इस्तीफा हो और दूसरी मांग है कि अदाणी महाघोटाले की जांच के लिए जेपीसी का गठन किया जाए।" उन्होंने कहा कि सरकार को वायनाड में हुई भूस्खलन की घटना को राष्ट्रीय आपदा घोषित करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जाति जनगणना को लेकर भी चर्चा की गई है तथा सरकार को इसे अविलंब कराना चाहिए।