Kolkata Doctor Rape-Murder Case: कोलकाता रेप-हत्याकांड की CBI करेगी जांच, HC ने डॉक्टरों से की हड़ताल समाप्त करने की अपील

Kolkata Doctor Rape-Murder Case: राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने कोलकाता के सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एक महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म के बाद की गई उसकी हत्या के मामले में पश्चिम बंगाल सरकार और राज्य के पुलिस प्रमुख को नोटिस जारी किया है। आयोग ने मंगलवार को कहा कि उसने अधिकारियों से दो सप्ताह में रिपोर्ट तलब की है

अपडेटेड Aug 13, 2024 पर 4:04 PM
Kolkata Doctor Rape-Murder Case: पीड़िता के निजी अंगों, हाथों और चेहरे पर कट के निशान पाए गए हैं

Kolkata Doctor Rape-Murder Case: कलकत्ता हाई कोर्ट ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में महिला ट्रेनी डॉक्टर से बलात्कार-हत्याकांड मामले की सीबीआई जांच के आदेश दिए हैं। अदालत ने कोलकाता पुलिस से सभी दस्तावेज तत्काल केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंपने को कहा है। हाई कोर्ट ने पुलिस को निर्देश दिया कि महिला डॉक्टर की हत्या से संबंधित सभी दस्तावेज बुधवार (14 अगस्त) सुबह 10 बजे तक सीबीआई को सौंपे जाएं। इस दौरान कलकत्ता हाई कोर्ट ने प्रदर्शनकारी डॉक्टरों से हड़ताल समाप्त करने की अपील की। अदालत ने कहा कि वे एक पवित्र पेशे से जुड़े हैं।

कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में पोस्टग्रेजुएट ट्रेनी डॉक्टर के साथ बलात्कार एवं हत्या के आरोप में दरिंदे संजय रॉय को गिरफ्तार किया गया है। उसकी पहचान शराबी और पोर्न एडिक्ट के रूप में हुई है। उसकी चार शादियां हो चुकी हैं।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध कबूल कर लिया है। कथित तौर पर उसके कहा, "अगर तुम चाहो तो मुझे फांसी लगा दो।" रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी की पिछली तीन पत्नियां उसके "गलत आचरण" के कारण उसे छोड़कर चली गईं। जबकि उसकी चौथी पत्नी की पिछले साल कैंसर से मौत हो गई।


देश भर में प्रदर्शन

कोलकाता रेप मर्डर मामले के खिलाफ देश के कई राज्यों में जूनियर डॉक्टर, ट्रेनी और मेडिकल छात्र राष्ट्रव्यापी हड़ताल पर हैं। विरोध प्रदर्शन ने मंगलवार (13 अगस्त) को पश्चिम बंगाल, दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों में स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावित किया। मंगलवार सुबह से ही सभी सरकारी अस्पतालों में मरीजों की लंबी कतारें देखी गईं।

वरिष्ठ डॉक्टर भीड़ को संभालने के लिए अपने जूनियर डॉक्टरों की जगह काम कर रहे हैं। कोलकाता में आंदोलनकारी डॉक्टरों ने पुलिस को ट्रेनी डॉक्टर के कथित बलात्कार और हत्या की जांच पूरी करने के लिए बुधवार (14 अगस्त) तक की समयसीमा तय की है।

ये भी पढ़ें- पोर्न एडिक्ट से लेकर 4 महिलाओं से शादी तक...कोलकाता में डॉक्‍टर का रेप करने वाले दर‍िंदे संजय रॉय की पढ़ें जन्‍मकुंडली

प्रदर्शनकारी मजिस्ट्रेट जांच के लिए दबाव बना रहे हैं। आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में एक प्रदर्शनकारी जूनियर डॉक्टर ने कहा, "जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, तब तक काम बंद रहेगा और विरोध जारी रहेगा। हम अपनी मांगों के बारे में बहुत स्पष्ट हैं। हम घटना की न्यायिक जांच चाहते हैं।"

क्या है मामला?

पीड़ित महिला डॉक्टर का अर्धनग्न शव 9 अगस्त को अस्पताल के सेमिनार हॉल के अंदर मिला। उसके शरीर पर चोट के कई निशान थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी हत्या से पहले यौन शोषण का संकेत मिले। उसके पिता ने आरोप लगाया कि अस्पताल के अंदर उसका बलात्कार किया गया और उसकी हत्या कर दी गई। सुबह 3 बजे महिला को कमरे में सोते हुए देखा गया। तड़के 4 बजे के आसपास आरोपी संजय सेमिनार हॉल में घुसा और उसका यौन उत्पीड़न किया। जब उसने विरोध करने का प्रयास किया, तो अपराधी ने उसका गला घोंट दिया। टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार, पीड़िता का शव सुबह 7.30 बजे मिला।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।