कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) एक बार फिर कोरोना संक्रमित हो गई हैं। उन्होंने खुद बुधवार सुबह ट्वीट कर कोरोना संक्रमित होने की जानकारी दी। प्रियंका गांधी ने बताया कि उन्होंने खुद को घर पर आइसोलेट कर लिया है और कोरोना नियमों का पालन कर रही हैं।
प्रियंका गांधी ने बुधवार सुबह ट्वीट करते हुए लिखा कि आज कोविड का टेस्ट पॉजिटिव आया है (फिर से!)। घर में आइसोलेट रहूंगी और सभी प्रोटोकॉल का पालन कर रही हूं। प्रियंका गांधी को इससे पहले जून में भी कोरोना हो गया था। उस दौरान प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी थी।
कांग्रेस नेता ने तब ट्वीट कर लिखा था कि जांच में कोविड-19 से संक्रमित होने का पता चला है। संक्रमण के हल्के लक्षण हैं। सभी दिशानिर्देशों का पालन करते हुए मैंने खुद को अपने घर पर ही क्वारंटीन में कर लिया है। मैं उन सभी लोगों से जरूरी सावधानियां बरतने का आग्रह करती हूं जो मेरे संपर्क में आए हैं।
उस दौरान प्रियंका गांधी से पहले कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस नेता के सी वेणुगोपाल को भी कोरोना वायरस हुआ था। कोरोना वायरस होने के कारण सोनिया गांधी जून में नेशनल हेराल्ड मामले से संबंधित मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों की जांच के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) के समक्ष पेश नहीं हो पाई थी।