पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान (Imran Khan) की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। मंगलवार को पुलिस ने खान के चीफ ऑफ स्टाफ और उनकी पार्टी (PTI) के नेता शहबाज गिल को गिरफ्तार कर लिया। गिल को देशद्रोह के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। सोमवार को गिल ने पाकिस्तान के सशस्त्र बलों को विद्रोह करने के लिए उकसाया था। उन्होंने सेना के अफसरों को टॉप कमांड के कुछ आदेशों को नहीं मानने की भी सलाह दी थी।
गिल की गिरफ्तारी के बाद इमरान खान ने ट्वीट किया। इसमें उन्होंने कहा कि यह अपहरण है न कि गिरफ्तारी। क्या इस तरह का शर्मनाक कृत्य किसी लोकतंत्र में हो सकता है। राजनीतिक कार्यकर्ताओं के साथ देशद्रोही की तरह व्यवहार हो रहा है। यह सब इसलिए हो रहा है कि हम विदेश समर्थित बेइमान सरकार को स्वीकार कर लें। पीटीआई नेता फवाद चौधरी ने भी कहा है कि ऐसे लोगों ने गिल का अपहरण किया है, जो बगैर नंबर प्लेट वाली गाड़ी में आए थे।
सूत्रों ने बताया कि यह सिर्फ शुरुआत है। जल्द तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के कुछ और नेताओं की गिरफ्तारी होगी। इससे पहले खान कह चुके हैं कि जब वह प्रधानमंत्री थे तब 'न्यूट्रल' के निर्देशों पर उन्हें कई गैर-जरूरी काम करने पड़े।
यहां न्यूट्रल का मतलब पाकिस्तान की फौज से लगाया जाता है। इमरान ड्रग मामले में राना सनाउल्लाह की गिरफ्तारी, जस्टिस काजी फैज इसा के खिलाफ प्रेसिडेंशियल रेफरेंस की फाइलिंग सहित कई मामलों के लिए न्यूट्रल को जिम्मेदार बताया है।
सूत्रों का कहना है कि इमरान खान ने उन्हें प्रधानमंत्री की कुर्सी से हटाने का जिम्मेदार भी न्यूट्रल को बताया है। पूर्व प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया है कि न्यूट्रल ने उन्हें वर्तमान चीफ इलेक्शन कमिश्नर को नियुक्त करने को भी कहा था।
कुछ लोगों का मानना है कि न्यूट्रल का मतलब सेना प्रमुख कमर जावेद बाजवा यह जनरल फैज हमीद से हो सकता है। उधर, जीएचक्यू रावलपिंडी में सूत्रों का कहना है कि खान जिस न्यूट्रल का बार-बार उल्लेख करते हैं, उसका मतलब लेफ्टिनेंट जनरल गफूर से है।
हाल में पाकिस्तान के इलेक्शन कमीशन ने इमरान खान को नोटिस जारी किया है। इसमें उन्हें 23 अगस्त को होने वाली सुनवाई में हाजिर रहने को कहा गया है। यह मामला उनकी पार्टी (PTI) की अवैध फंडिंग से जुड़ा है। इलेक्शन कमीशन ने कहा है कि इमरान खान की पीटीआई ने 34 विदेशी नागरिकों और बिजनेस टायकून आरिफ नकवी से फंड हासिल किए।
खान की पीटीआई और इलेक्श कमीशन के रिश्ते बहुत खराब हो चुके हैं। खान ने चीफ इलेक्शन कमिश्नर सिकंदर सुल्तान राजा पर पक्षपात करने का आरोप लगाया है।