Congress: हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनावों (Assembly Elections 2022) में पार्टी की हार के बाद, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) ने उत्तर प्रदेश (UP), उत्तराखंड (Uttarakhand), गोवा (Goa), पंजाब (Punjab) और मणिपुर (Manipur) में पार्टी की प्रदेश कमेटी (PCC) के प्रमुखों से इस्तीफा देने को कहा है।
कांग्रेस कार्य समिति (CWC) की तरफ से इन विधानसभा चुनावों में पार्टी की हार के कारणों पर चर्चा के दो दिन बाद यह मामला सामने आया है। कांग्रेस किसी भी राज्य में जीतने में विफल रही और पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) से हार गई।
पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्विटर पर कहा, "कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर के PCC अध्यक्षों से कहा है कि वे PCC के पुनर्गठन की सुविधा के लिए अपना इस्तीफा दें।"
CWC ने अपनी मैराथन बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष को संगठन को मजबूत करने के लिए जरूरी बदलाव करने को कहा था।
इसने बैठक के बाद कहा, "CWC ने सर्वसम्मति से सोनिया गांधी के नेतृत्व में अपने विश्वास की पुष्टि की और कांग्रेस अध्यक्ष से अनुरोध किया कि वे आगे से नेतृत्व करें, संगठनात्मक कमजोरियों को दूर करें, राजनीतिक चुनौतियों का सामना करने के लिए जरूरी और व्यापक संगठनात्मक बदलाव करें।"
कांग्रेस करेगी चिंतन शिविर आयोजित
इतना ही नहीं, TOI के मुताबिक, संसद का बजट सत्र खत्म होने के बाद पार्टी चिंतन शिविर आयोजित करने की भी योजना बना रही है। CWC की बैठक का एक और दौर यह भी तय करने के लिए रखा गया है कि चिंतन शिविर में कौन से बिंदु उठाए जाएंगे।
इससे पहले दिन में, उत्तर प्रदेश की कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने विधानसभा चुनावों में पार्टी के निराशाजनक प्रदर्शन को लेकर राज्य इकाई के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
सूत्रों ने कहा कि बैठक में यूपी के प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र में प्रदर्शन पर चर्चा हुई, जहां कांग्रेस ने 403 में से केवल दो सीटें जीतीं और 2.33% वोट शेयर हासिल किया। पार्टी उस राज्य के लिए अपना रोडमैप तैयार करेगी, जहां उसने कई सालों के बाद बिना किसी गठबंधन के चुनाव लड़ा था।