अरविंद केजरीवाल पर अभद्र टिप्पणी को लेकर दिल्ली विधानसभा में जोरदार हंगामा, AAP विधायकों ने BJP नेता से की माफी की मांग

AAP के विधायक मोहिंदर गोयल ने दिल्ली इकाई के अध्यक्ष आदेश कुमार गुप्ता के माफी मांगने और उनके खिलाफ निंदा प्रस्ताव की मांग की

अपडेटेड Mar 28, 2022 पर 1:36 PM
मोहिंदर गोयल का आरोप है कि आदेश गुप्ता ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया है

भारतीय जनता पार्टी (BJP) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष आदेश कुमार गुप्ता (Adesh Kumar Gupta) द्वारा मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ की गई कथित अपमानजनक टिप्पणी (गाली) को लेकर दिल्ली विधानसभा की कार्यवाही सोमवार को सुबह 15 मिनट के लिए स्थगित कर दी गई।

सदन की कार्यवाही शुरू होते ही आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक मोहिंदर गोयल (AAP MLA Mohinder Goel) ने गुप्ता के माफी मांगने और उनके खिलाफ निंदा प्रस्ताव की मांग की। इस दौरान बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष द्वारा कथित अभद्र भाषा के खिलाफ सदन में आप विधायकों द्वारा विरोध-प्रदर्शन किया गया।

मोहिंदर गोयल का आरोप है कि आदेश गुप्ता ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया है जिसके लिए उन्हें दिल्ली के सीएम से माफी मांगनी चाहिए। हंगामे की वजह से करीब 15 मिनट के लिए विधानसभा को उस वक्त स्थगित करना पड़ा जब आप विधायक वेल में आकर बीजेपी दिल्ली अध्यक्ष आदेश गुप्ता के से माफी की मांग करने लगे।


ये भी पढ़ें- Ration: अब पंजाब में घर-घर राशन पहुंचाएगी AAP सरकार, सीएम भगवंत मान ने डोर स्टेप डिलीवरी योजना का किया ऐलान

न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, गोयल ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी के लिए बीजेपी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष आदेश गुप्ता के खिलाफ सदन में निंदा प्रस्ताव लाया जाना चाहिए। विपक्ष के नेता को माफी मांगनी चाहिए।

इसके बाद, AAP नेता आसन के सामने आ गए और बीजेपी के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल ने मोहिंदर से लिखित में अपनी बात रखने को कहा और आप विधायक की नारेबाजी के बीच सदन को 15 मिनट के लिए स्थगित कर दिया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।