6, फ्लैग स्टाफ रोड बंगला... जो कभी पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का घर था और दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को निशाना बनाने के लिए BJP ने 'शीशमहल' बताकर हथियार की तरह इस्तेमाल किया था। अब उसी बंगले को दिल्ली की नई सरकार, सरकारी समारोहों की मेजबानी करने और आने वाले नौकरशाहों के ठहरने के लिए दिल्ली स्टेट गेस्ट हाउस बनाने पर विचार कर रही है। दिल्ली में फिलहाल कोई स्टेट गेस्ट हाउस नहीं है। इससे पहले, 1996 में मदन लाल खुराना के मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद 33 शामनाथ मार्ग को कुछ महीनों के लिए स्टेट गेस्ट हाउस में बदल दिया गया था। तब से, दिल्ली को ऐसी कोई सुविधा नहीं मिली है।
