Delhi MCD Election Results 2022: MCD में BJP का 15 साल का राज खत्म, 134 सीटों पर AAP की जीत, CM केजरीवाल ने मांगा PM से आशीर्वाद

Delhi MCD Election Results 2022: जीत के बाद पार्टी दफ्तर में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने कहा, "दिल्ली के लोगों ने मुझे दिल्ली की सफाई, भ्रष्टाचार को दूर करने, पार्क को ठीक करने के साथ कई सारी जिम्मेदारियां दी हैं। मैं दिन रात मेहनत करके कोशिश करूंगा की आपके इस भरोसे को कायम रखूं"

अपडेटेड Dec 07, 2022 पर 4:14 PM
Delhi MCD Election Results 2022: CM अरविंद केजरीवाल ने मांगा PM मोदी से आशीर्वाद

Delhi MCD Election Results 2022: दिल्ली नगर निगम चुनाव (Delhi MCD Election 2022) में राज्य विधानसभा में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) ने कुल 134 सीट जीत कर बाजी मार ली है। इसी के साथ 250 वार्ड वाले नगर निगम में 15 सालों से राज कर रही भारतीय जनता पार्टी (BJP) का विर्चस्व खत्म हो गया। MCD चुनाव में पार्टी 104 सीटों पर ही जीत पाई। हालांकि, देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस (Congress) का हाल तो बहुत ही बुरा रहा है और खाते में महज नौ सीटें गईं। बाकी के तीन वार्ड में अन्य उम्मीदवार जीते।

इस जीत पर दिल्ली के मुख्यमंत्री और पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने दिल्लीवासियों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, "मैं दिल्ली के लोगों के बहुत बधाई देना चाहता हूं। इतनी बड़ी और शानदार जीत के लिए, इतने बड़े बदलाव के लिए मैं दिल्ली के लोगों को बधाई देना चाहता हूं।"

जीत के बाद पार्टी दफ्तर में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा, "दिल्ली के लोगों ने मुझे दिल्ली की सफाई, भ्रष्टाचार को दूर करने, पार्क को ठीक करने के साथ कई सारी जिम्मेदारियां दी हैं। मैं दिन रात मेहनत करके कोशिश करूंगा की आपके इस भरोसे को कायम रखूं।"


Delhi MCD Election Results 2022: 'केंद्र और प्रधानमंत्री का आशीर्वाद भी चाहिए'

इसके अलावा उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आशीर्वाद भी मांगा। उन्होंने कहा, "हमें दिल्ली की हालत सुधारनी है। बीजेपी, कांग्रेस का सहयोग चाहिए। केंद्र और प्रधानमंत्री का आशीर्वाद भी चाहिए।"

इसके अलावा मुख्यमंत्री केजरीवाल ने चुनाव में जीत दर्ज करने वाले AAP, BJP, कांग्रेस के सभी उम्मीदवारों और निर्दलियों को बधाई दी और कहा, हम सभी मिलकर काम करेंगे।

AAP संयोजक ने आगे कहा कि हम लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने की कोशिश करेंगे। दूसरे दलों से दिल्ली को बेहतर बनाने के लिए साथ आने का आग्रह करेंगे।

साथ ही उन्होंने अपने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को नसीहत देते हुए कहा कि हमें घमंड नहीं करना है। केजरीवाल ने कहा, "सभी लोग ध्यान रखें कि हमें घमेंड नहीं करना है। अगर हमारे अंदर जरा भी अहंकार आया, तो न ही भगवान और न ही जनता हमें माफ करेगी।"

Delhi MCD Results: पहली बार MCD में ट्रांसजेंडर की एंट्री, AAP की सबसे चर्चित प्रत्याशी बॉबी किन्नर की जीत

वहीं आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने दिल्ली नगर निगम (MCD) चुनावों में उनकी पार्टी के पक्ष में मतदान के लिए दिल्ली की जनता को बुधवार को शुक्रिया कहा।

दिल्ली के उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह लोगों का जनादेश था, जिसके कारण 'दुनिया की सबसे बड़ी और सबसे नकारात्मक पार्टी' को हराने में मदद मिली।

सिसोदिया ने BJP पर निशाना साधते हुए हिंदी में एक ट्वीट में कहा, "दिल्ली MCD में आम आदमी पार्टी पर भरोसा करने के लिए दिल्ली की जनता का दिल से आभार...दुनिया की सबसे बड़ी और सबसे निगेटिव पार्टी को हराकर दिल्ली की जनता ने कट्टर ईमानदार और काम करने वाले अरविंद केजरीवाल को जिताया है।” उन्होंने कहा, "हमारे लिए यह सिर्फ जीत नहीं बल्कि बड़ी जिम्मेदारी है।”

इससे पहले AAP और BJP दोनों के बीच कड़ी टक्कर थी। दोनों पार्टियां जीत को लेकर आश्वस्त नजर आ रही थीं। वहीं पार्टी ने कहा कि MCD का नेतृत्व एक महिला मेयर करेगी।

AAP के दफ्तर पर मना जश्न

MCD चुनाव मतगणना के नतीजों में आम आदमी पार्टी को सफलता मिलने के साथ ही पार्टी दफ्तर पर जश्न शुरू हो गया था। AAP के दफ्तर पर जुटे कार्यकर्ताओं-समर्थकों ने पार्टी के झंडे लहराये और ढोल-नंगाड़ों की थाप पर जमकर डांस किया। इस दौरान मिठाई भी बांटी गई।

AAP नेता गोपाल राय, आतिशी और दुर्गेश पाठक समेत समर्थकों और दूसरे नेता पार्टी कार्यालय में जश्न में शामिल हुए।

कार्यालय के बाहर सड़कों पर समर्थक AAP के आधिकारिक चुनावी गीत ‘MCD में अरविंद केजरीवाल’ पर झूमते नजर आए। MCD चुनावों में AAP की पहली जीत का जश्न मनाया जा रहा है।

उधर दिल्ली MCD चुनाव के नतीजों के बाद प्रदेश बीजेपी के प्रमुख पदाधिकारियों की शाम 5:30 बजे मीटिंग बुलाई गई है। इसके साथ ही इस चुनाव में जीते हुए पार्टी के पार्षदों को शाम 7:30 बजे प्रदेश बीजेपी कार्यालय बुलाया गया है।

2017 के निकाय चुनाव में, बीजेपी ने 270 वार्डों में से 181 पर जीत हासिल की थी। प्रत्याशियों के निधन के कारण दो सीटों पर मतदान नहीं हो सका था। तब AAP ने 48 वार्ड और कांग्रेस ने 27 वार्ड जीते थे। उस साल मतदान प्रतिशत लगभग 53% था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।