Delhi MCD Election Results 2022: दिल्ली नगर निगम (MCD) चुनावों में करीब 200 सीटों के नतीजे घोषित हो चुके हैं। आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार बनाने के बेहद करीब पहुंच चुकी है। दिल्ली नगर निगम (MCD Election Results) चुनाव के लिए बुधवार को जारी मतगणना में अभी तक आए परिणाम के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 84 और आम आदमी पार्टी (AAP) ने 106 सीटों पर जीत दर्ज कर ली है।
अब तक आए नतीजों के मुताबिक, AAP ने 106 सीटों पर जीत हासिल की है और 26 पर आगे चल रही है। जबकि बीजेपी ने 84 सीटों पर जीत हासिल की है और 20 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं, कांग्रेस ने 5 सीटें जीत ली हैं और 5 पर आगे चल रही हैं। इसके अलावा निर्दलीय उम्मीदवार ने 1 जीत दर्ज की और 3 सीटों पर आगे हैं। फिलहाल, मतगणना जारी है।
इस बीच, बॉबी किन्नर (Bobi transgender) नामक इस ट्रांसजेंडर ने दिल्ली MCD चुनाव में सुल्तानपुरी-A वार्ड 43 से जीत दर्ज की है। 38 साल की बॉबी किन्नर 'हिन्दू युवा समाज एकता अवाम आतंकवाद विरोधी समिति' की दिल्ली इकाई की अध्यक्ष भी हैं। बॉबी की जीत के बाद पहली बार MCD में ट्रांसजेंडर समुदाय का कोई सदस्य होगा। दिल्ली के MCD चुनाव में AAP ने पहली बार किसी ट्रांसजेंडर को उम्मीदवार बनाया था।
दिल्ली नगर निगम (MCD Polls) के 250 वार्ड के लिए 4 दिसंबर को मतदान हुआ था। कड़ी सुरक्षा के बीच 42 मतदान केंद्रों पर मतों की गिनती जारी है। जामा मस्जिद वार्ड से AAP की सुल्ताना आबाद ने, दरियागंज सीट पर पार्टी की सारिका चौधरी ने, जबकि रंजीत नगर सीट से पार्टी उम्मीदवार अंकुश नारंग ने जीत दर्ज की।
लक्ष्मी नगर में BJP की अलका राघव ने 3,819 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। रोहिणी डी से पार्टी उम्मीदवार स्मिता ने भी जीत दर्ज की। AAP ने इस चुनाव में 138 महिला उम्मीदवारों को मैदान में उतारा था। वहीं, बीजेपी और कांग्रेस ने क्रमश: 136 और 129 को उम्मीदवार बनाया था।
मतगणना केंद्र शास्त्री पार्क, यमुना विहार, मयूर विहार, नंद नगरी, द्वारका, ओखला, मंगोलपुरी, पीतमपुरा, अलीपुर और मॉडल टाउन जैसे क्षेत्रों में बनाए गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी केंद्रों पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 20 टुकड़ियां और 10,000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।