दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) को शराब नीति घोटाला मामले में सोमवार को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेजा गया था। मगर क्या आप जानते हैं कि सेंट्रल जेल में आम आदमी पार्टी प्रमुख के पड़ोसी और काई नहीं बल्कि, एक अंडरवर्ल्ड डॉन, एक आतंकवादी और एक गैंगस्टर है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, डॉन छोटा राजन (Chota Rajan), गैंगस्टर नीरज बवाना (Neeraj Bawana) और एक आतंकवादी जियाउर रहमान (Ziaur Rehman) तिहाड़ में केजरीवाल के निकटतम पड़ोसियों में से हैं।
राजन कभी डॉन और आतंकवादी दाऊद इब्राहिम का करीबी सहयोगी था और उस पर मुंबई के एक पत्रकार की हत्या का आरोप है। दूसरी ओर, नीरज बवाना एक कुख्यात गैंगस्टर है, जिसके खिलाफ हत्या, हत्या की कोशिश और जबरन वसूली के 40 से ज्यादा मामले दर्ज हैं, जबकि जियाउर रहमान एक कथित इंडियन मुजाहिदीन (IM) का सदस्य है, जिसके खिलाफ NIA का केस दर्ज है।
जेल के एक अधिकारी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल को सोमवार शाम 4 बजे तिहाड़ लाया गया और जेल नंबर 2 में रखा गया, उन्होंने कहा कि उन्हें 24 घंटे निगरानी में रखा जाएगा।
अधिकारी ने कहा, “उनकी मेडिकल जांच कराई गई। उनका शुगर लेवल थोड़ा कम था, लेकिन हमारे जेल डॉक्टरों की सलाह के अनुसार उन्हें दवाएं दी गईं।”
केजरीवाल 4.5 Kg वजन घटा-AAP
इस बीच आम आदमी पार्टी (AAP) की वरिष्ठ नेता आतिशी ने बुधवार को दावा किया कि 21 मार्च को गिरफ्तार किए जाने के बाद से दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) का वजन तेजी से घट रहा है। आतिशी ने साथ ही भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर केजरीवाल को जेल में रखकर उनके स्वास्थ्य को खतरे में डालने का आरोप लगाया।
आतिशी ने कहा कि पार्टी मुख्यमंत्री की सेहत के संबंध में कानूनी मदद लेगी।
दिल्ली की मंत्री और आप नेता आतिशी ने कहा, "जिस दिन सीएम अरविंद केजरीवाल को ED ने अपनी हिरासत में लिया, उस दिन उनका वजन 69.5 किलो था। आज उनका वजन 65 किलो है। 12 दिनों में उनका वजन 4.5 किलो कम हो गया।"
तिहाड़ जेल प्रशासन ने केजरीवाल की सेहत के संबंध में आतिशी के दावों को खारिज किया है। केजरीवाल 15 अप्रैल तक तिहाड़ जेल में न्यायिक हिरासत में हैं। तिहाड़ जेल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि केजरीवाल की हालत सामान्य है।