Arvind Kejriwal Arrested: शराब नीति कांड में गिरफ्तार दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के वजन को लेकर सियासी पारा गर्म हो रहा है। आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाए हैं कि सीएम अरविंद केजरीवाल की तबियत ठीक नहीं है। उनका वजन तेजी से घट रहा है। आप ने आरोप लगाए हैं कि उनका वजन 4.5 किलो घट गया है। इस बीच तिहाड़ जेल ने वजन को लेकर आधिकारिक बयान जारी किया है। इसमें कहा गया है कि अरविंद केजरीवाल की तबियत बिल्कुल ठीक है। गिरफ्तारी के बाद से जितना उनका वजन था। अभी भी उतना ही है। वजन में कोई गिरावट नहीं आई है।
तिहाड़ जेल के अनुसार, एक अप्रैल को जिस दिन अरविंद केजरीवाल तिहाड़ जेल पहुंचे उन्हें दो डॉक्टर्स ने एग्जामिन किया। उनकी मेडिकल रिपोर्ट सभी नॉर्मल हैं। जेल में आने से लेकर अभी तक उनका वजन 65 किलोग्राम बना हुआ है। कोर्ट के आदेश पर घर का बना खाना अरविंद केजरीवाल को दिया जा रहा है। वह पूरी तरह स्वस्थ हैं। अरविंद केजरीवाल मेडिकल के सारे पैरामीटर्स नार्मल हैं।
सीएम केजरीवाल तिहाड़ जेल में हैं बंद
बता दें कि दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल 14 दिन की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल में बंद हैं। तिहाड जेल की ओर से आधिकारिक बयान आने के बाद आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी ने कहा कि 21 मार्च को गिरफ्तारी के बाद से उनके वजन में 4.5 किलो ग्राम की कमी आई है। जिस दिन सीएम केजरीवाल को ईडी ने हिरासत में लिया। उस दिन उनका वजन 69.5 किलोग्राम था। आज उनका वजन 65 किलोग्राम है। इससे पहले आतिशी ने दावा किया कि 21 मार्च को गिरफ्तार किए जाने के बाद से दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल का वजन तेजी से घट रहा है। आतिशी ने साथ ही बीजेपी पर केजरीवाल को जेल में रखकर उनकी सेहत को खतरे में डालने के आरोप लगाए थे।
अरविंद केजरीवाल डायबिटीज से हैं पीड़ित
कहा जा रहा है कि अरविंद केजरीवाल डायबिटीज से पीड़ित हैं। उनका ब्लड शुगर लेवल नीचे-ऊपर हो रहा है। AAP के मुताबिक, एक समय उनका ब्लड शुगर लेवल 50 से नीचे चला गया थआ। उनके ब्लड शुगर लेवल को कंट्रोल में करने के लिए दवाई दी गईं हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, तिहाड़ जेल के अधिकारियों ने कहा है कि उन्होंने किसी भी तरह की आपात स्थिति से निपटने के लिए उनके सेल के पास एक क्विक रिस्पॉन्स टीम (quick response team) तैनात की है।