Goa Election 2022: दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर (Manohar Parrikar) के बेटे उत्पल पर्रिकर (Utpal Parrikar) ने हफ्तों से चली आ रही अटकलों को खत्म करते हुए शुक्रवार को घोषणा की कि वह पणजी से एक निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में गोवा विधानसभा चुनाव (Goa Assembly Election 2022) लड़ेंगे।
उत्पल पर्रिकर का यह फैसला, तब आया जब बीजेपी ने एक दिन पहले ही गोवा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की थी। इस लिस्ट में 34 उम्मीदवारों के नाम थे, लेकिन उत्पल पर्रिकर का नाम नहीं था। उन्होंने पार्टी हाई कमान से अपने पिता की विरासत को आगे बढ़ाने का हवाला देते हुए पणजी सीट से टिकट की मांग की, लेकिन पार्टी ने उन्हें यहां से टिकट नहीं दिया।
बीजेपी ने उत्पल की जगह मौजूदा विधायक अतानासियो मोंसेरेट को ही पणजी से मैदान में उतारा है। पार्टी के गोवा इंचार्ज देवेंद्र फडणवीस ने उत्पल को टिकट न देने पर कहा था, "पंजिम से मौजूदा विधायक को टिकट दिया गया है। उत्पल पर्रिकर और उनका परिवार हमारा भी परिवार है। हमने चुनाव लड़ने के लिए उन्हें दो सीटों के ऑप्शन दिए, जिसमें से पहले पर वो राजी नहीं हुए और साथ दूसरे विकल्प पर चर्चा की जा रही है। हमें लगता है कि उन्हें सहमत होना चाहिए।"
वहीं मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा था है कि केंद्रीय नेतृत्व मामले को सुलझाने की कोशिश कर रहा है। सावंत ने कहा कि उत्पल पर्रिकर को आगामी राज्य चुनावों में चुनाव लड़ने के लिए दो निर्वाचन क्षेत्रों की पेशकश की गई है।
मनोहर पर्रिकर ने पणजी विधानसभा सीट का दो दशको से ज्यादा समय तक प्रतिनिधित्व किया था। BJP की तरफ से पणजी के उम्मीदवार की घोषणा के तुरंत बाद, उत्पल को कई विपक्षी दलों से समर्थन मिला, अगर उन्होंने BJP का मुकाबला किया तो समर्थन का वादा किया।