Haryana Elections: चुनाव आयोग ने हरियाणा विधानसभा चुनाव की तारीख का ऐलान कर दिया है। हरियाणा विधानसभा के चुनाव अब 5 अक्टूबर को होंगे। राज्य विधानसभा का चुनाव एक ही चरण में होगा। वोटों की गिनती 8 अक्टूबर को होगी। राज्य में मतदान पहले 1 अक्टूबर को होना था और नतीजे 4 अक्टूबर को आने थे, लेकिन बीजेपी की सिफारिश पर चुनाव आयोग ने तारीख बदल दी। हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 को लेकर प्रदेश के प्रमुख राजनीतिक दल लोकसभा चुनाव के बाद से ही रणनीति बनाने में जुटे हैं।
इस बार हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच सीधा मुकाबला होने की संभावना है। इसके अलावा, जननायक जनता पार्टी, इंडियन नेशनल लोकदल सहित कई अन्य पार्टियां भी चुनाव मैदान में हैं।
आयोग ने किया था राज्य का दौरा
चुनाव आयोग के अफसरों ने हाल ही में हरियाणा का दौरा किया था। उसके बाद से प्रदेश में चुनाव को लेकर राजनीतिक चर्चा चरम पर है। सियासी जानकारों का अनुमान है कि इस बार हरियाणा विधानसभा का चुनाव दिलचस्प होगा। एक तरफ इस बार बीजेपी को इस बार एंटी इनकंबेंसी का सामना करना होगा तो दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी बीजेपी को सत्ता से बेदखल करने के लिए हर संभव कोशिश में जुटी है। यही वजह है कि लोकसभा चुनाव के बाद से कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा और सांसद दीपेंद्र हुड्डा लगातार पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हैं।
हरियाणा में विधानसभा सीटों की कुल संख्या 90 है। इस लिहाज से विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 46 है। हरियाणा विधानसभा चुनाव 2019 में भारतीय जनता पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। बीजेपी ने जननायक जनता पार्टी के 10 विधायकों के साथ मिलकर गठबंधन सरकार बनाई थी। हरियाणा विधानसभा का कार्यकाल तीन नवंबर को समाप्त हो रहा है। हरियाणा विधानसभा का चुनाव पिछली बार साल 2019 में हुआ था।