हरियाणा विधानसभा चुनाव: कांग्रेस से टिकट चाहते हैं बॉक्सर मनोज कुमार के बड़े भाई और कोच राजेश राजौंद

Haryana Assembly Election: हरियाणा की 90 विधानसभा सीट के लिए चुनाव एक अक्टूबर को एक ही चरण में होगा और नतीजे चार अक्टूबर को आएंगे। राजौंद ने कहा, "मैं मुख्यधारा की राजनीति में उतरने का इच्छुक हूं, क्योंकि मेरा मानना ​​है कि चुनावी राजनीति के माध्यम से हम समाज को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं

अपडेटेड Aug 27, 2024 पर 6:56 PM
हरियाणा विधानसभा चुनाव: कांग्रेस से टिकट चाहते हैं बॉक्सर मनोज कुमार के बड़े भाई और कोच राजेश राजौंद

बॉक्सर कोच राजेश कुमार राजौंद राजनीति में उतरने के इच्छुक हैं और उन्होंने हरियाणा में आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए कांग्रेस के टिकट के लिए आवेदन किया है। राजेश कुमार राजौंद राष्ट्रमंडल खेलों के गोल्ड मेडल विजेता मुक्केबाज मनोज कुमार के बड़े भाई भी हैं। कैथल जिले के राजौंद गांव के रहने वाले 41 साल के राजेश कुमार राजौंद कलायत विधानसभा क्षेत्र से टिकट चाहते हैं और उन्होंने अपना पक्ष रखने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा से मुलाकात की है।

हरियाणा की 90 विधानसभा सीट के लिए चुनाव एक अक्टूबर को एक ही चरण में होगा और नतीजे चार अक्टूबर को आएंगे।

कलायत सीट फिलहाल बीजेपी के पास


राजौंद ने कहा, "मैं मुख्यधारा की राजनीति में उतरने का इच्छुक हूं, क्योंकि मेरा मानना ​​है कि चुनावी राजनीति के माध्यम से हम समाज को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।"

कलायत सीट का विधानसभा में प्रतिनिधित्व वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कमलेश ढांडा कर रहे हैं और कांग्रेस ने आखिरी बार 2005 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर जीत दर्ज की थी। यह कैथल जिले का एक हिस्सा है।

मनोज के निजी कोच थे राजेश

मनोज जब अपने करियर के चरम पर थे, तब राजेश कुमार राजौंद उनके निजी कोच थे और साल 2016 के रियो ओलंपिक में भी उनके साथ थे, जहां वह प्री-क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने वाले एकमात्र भारतीय मुक्केबाज थे।

साल 2010 में दिल्ली में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स का स्वर्ण पदक जीतने वाले मनोज एशियाई चैंपियनशिप में दो बार ब्रॉन्ज मेडल जीतने के अलावा अर्जुन पुरस्कार भी हासिल कर चुके हैं।

चुनाव लड़ने के लिए NOC

साल 2013 में राजौंद ने कुरुक्षेत्र में एक बॉक्सिंग एकेडमी भी बनाई थी, जहां वह शहर और पड़ोसी के कैथल जिले के ग्रामीण इलाकों के खिलाड़ियों को प्रशिक्षित करते हैं।

राजौंद कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी में कोच के पद पर हैं। उनका दावा है कि उन्होंने कांग्रेस से टिकट मिलने की स्थिति में चुनाव लड़ने के लिए यूनिवर्सिटी से नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) भी हासिल कर लिया है।

Haryana Election 2024: JJP और आजाद समाज पार्टी के बीच हुआ गठबंधन, सीट-बंटवारे पर बात हुई फाइनल

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।