भारतीय जनता पार्टी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए 50 से ज्यादा उम्मीदवारों के नामों को फाइनल कर लिया है। गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी में पार्टी के हेडक्वार्टर में हुई केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की बैठक में इन पर मोहर लगाई गई। पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में बीजेपी CEC की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी के हरियाणा चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष और पार्टी के दूसरे वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
मीडिया रिपोर्ट्स में पार्टी के सूत्रों के हवाले से बताया गया कि गुरुवार शाम को फाइनल किए गए नामों की घोषणा अगले 48 घंटों के भीतर कर दी जाएगी। पार्टी सूत्रों ने कहा कि CEC की बैठक के बाद, प्रधान मंत्री मोदी ने गृह मंत्री शाह और पार्टी प्रमुख नड्डा के साथ एक अलग भी बैठक की। इस अलग मीटिंग में पार्टी नेताओं ने विधानसभा चुनावों में संभावित चुनावी गठबंधनों पर चर्चा की।
उन्होंने बताया कि साथ ही उन सीटों पर भी चर्चा हुई जहां से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और राज्य के दूसरे मंत्रियों सहित पार्टी के बेड़े नेता चुनाव लड़ेंगे। सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री सैनी करनाल की बजाय कुरूक्षेत्र की लाडवा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ सकते हैं।
इन नेताओं को मिल सकता है टिकट
- राज्यसभा सांसद कृष्णलाल पंवार
- पूर्व लोकसभा सांसद सुनीता दुग्गल
- केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की बेटी आरती राव को अटेली से मिल सकता है टिकट।
- राव नरबीर को बादशाहपुर से टिकट की उम्मीद।
- कृष्णपाल गुर्जर के बेटे देवेंद्र चौधरी के नाम की भी चर्चा।
- लोकसभा चुनाव लड़ने वाले कुछ उम्मीदवारों को भी टिकट मिल सकता है।
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स की मानें, तो पार्टी इस बार चार मंत्रियों और 20 से ज्यादा मौजूदा विधायकों की टिकट काटने के मूड में है। रिपोर्ट में बताया गया है कि तीन मंत्रियों के अलावा दर्जनभर विधायकों के टिकटों पर तलवार लटकी हुई है।
इन नेताओं के टिकट पर लटकी तलवार
वहीं BJP कई सीटों पर नए चेहरों को भी उतार सकती है। पिछले चुनाव में हारे और कुछ पूर्व मंत्रियों को भी मौका मिल सकता है।
RLD और HLP से गठबंधन पर चर्चा
हरियाणा में चुनावी गठबंधन को लेकर RLD के जयंत चौधरी और हरियाणा लोकहित पार्टी (HLP) प्रमुख गोपाल कांडा के साथ बीजेपी की बातचीत आखिरी दौर में है और अगर वे गठबंधन के लिए तैयार होते हैं, तो बीजेपी कुल 90 सीटों में से 85-87 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी।
CEC की बैठक में BJP हरियाणा चुनाव (Haryana Election) सह-प्रभारी और त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब, हरियाणा के मुख्यमंत्री सैनी, हरियाणा BJP प्रमुख मोहन लाल बडोली, सतीश पुनिया, सुरेंद्र सिंह नागर, केंद्रीय मंत्री और पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर, केंद्रीय मंत्री और हरियाणा से सांसद राव इंद्रजीत सिंह और कृष्ण पाल गुर्जर भी शामिल हुए।
हरियाणा विधानसभा के सभी 90 सदस्यों को चुनने के लिए विधानसभा चुनाव 1 अक्टूबर को होने हैं, जबकि नतीजे 4 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।