ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि कुश्ती से संन्यास लेने के बाद महिला पहलवान विनेश फोगाट चुनावी अखाड़े में दांव आजमा सकती हैं। इसी कड़ी में विनेश फोगाट ने हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपिंदर सिंह हुड्डा से उनके दिल्ली स्थित निवास पर मुलाकात की। इस दौरान रोहतक से कांग्रेस सांसद और उनके बेटे दीपेंद्र सिंह हुड्डा और उनकी पत्नी स्वेता मिर्धा भी मौजूद रहीं। ऐसी खबरें हैं कि विनेश कांग्रेस के टिकट पर हरियाणा विधानसभा चुनाव भी लड़ सकती हैं और इससे पहले वह कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी से भी मुलाकात कर सकती हैं। हालांकि, विनेश के कांग्रेस में आने के सवाल को भूपिंदर सिंह हुड्डा ने एक 'काल्पनिक सवाल' बताया।
यह पूछे जाने पर कि क्या पहलवान विनेश फोगाट कांग्रेस में शामिल होंगी? हरियाणा के पूर्व सीएम और विपक्ष के नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा ने कहा, "यह एक काल्पनिक सवाल है, लेकिन एथलीट केवल एक पार्टी के नहीं होते, वे पूरे देश के होते हैं।"
विनेश को राज्यसभा के लिए मनोनित करने की मांग
उन्होंने विनेश को राज्यसभा के लिए मनोनित करने की अपनी मांग दोहराते हुए कहा, "अगर कोई पार्टी में शामिल होता है, आपको पता चल जाएगा...जो भी पार्टी में शामिल होगा हम उसका स्वागत करते हैं...लेकिन यह एक काल्पनिक सवाल है। यह उस पर निर्भर करता है। आज उसे अन्याय का सामना करना पड़ा है। उन्हें उचित सम्मान दिया जाना चाहिए। उन्हें राज्यसभा के लिए मनोनीत किया जाना चाहिए।”
हु्ड्डा ने यह भी कहा"...मैंने कहा था कि उन्हें वही सम्मान दिया जाना चाहिए जो गोल्ड मेडल विजेता को दिया जाता है। उन्हें वो नहीं दिया गया। सरकार ने उनके लिए सिल्वर मेडल सम्मान की घोषणा की। मैंने कहा था कि जैसे सचिन तेंदुलकर को राज्यसभा के लिए मनोनीत किया गया था, वैसे ही उन्हें भी मनोनीत किया जाना चाहिए। उनके साथ अन्याय हुआ, उन्हें न्याय नहीं मिला।”
पेरिस ओलंपिक में विनेश लगा झटका
पेरिस ओलंपिक में महिलाओं के 50 किलोग्राम वेट कैटेगरी के फाइनल में पहुंचने के बावजूद ज्यादा वजन होने के कारण उन्हें महिलाओं की फ्रीस्टाइल कुश्ती के फाइनल के अयोग्य ठहरा दिया गया था।
नियम के मुताबिक, उन्हें कोई मेडल भी नहीं मिला। हालांक, उन्होंने खेलों की सबसे बड़ी अदालत में ज्वाइंट सिल्वर मेडल के लिए गुहार लगाई थी, लेकिन उनकी अपील ठुकरा दी गई। इसके बाद भारत की स्टार पहलवान विनेश फोगाट का शनिवार को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचीं, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया।
कांग्रेस ने किया भव्य स्वागत
कांग्रेस के रोहतक सांसद दीपेंद्र हुड्डा और पार्टी के दूसरे नेता भी इस दौरान एयरपोर्ट पर विनेश का स्वागत करने पहुंचे और भव्य रोडशो भी निकाला।
हरियाणा के नेता प्रतिपक्ष भूपिंदर सिंह हुड्डा ने पहले ही अपनी योजना साफ कर दी थी, जब उन्होंने घोषणा की थी कि अगर कांग्रेस के पास पर्याप्त संख्या होगी तो वह विनेश फोगाट को राज्यसभा के लिए मनोनित करेगी। दीपेंद्र हुड्डा के लोकसभा के लिए चुने जाने के बाद हरियाणा से खाली हुई राज्यसभा सीट के लिए मतदान 3 सितंबर को होगा।
चचेरी बहन बबीता के सामने लड़ेंगी चुनाव?
खबर तो ये भी है कि विनेश फोगाट चुनावी मैदान में अपनी चचेरी बहन और बीजेपी नेता बबीता फोगाट से ही दो-दो हाथ कर सकती हैं।
बबीता ने 2019 के चुनाव में बीजेपी के टिकट पर दादरी सीट से चुनाव लड़ा था। इस सीट पर तब निर्दलीय उम्मीदवार सोमबीर ने जननायक जनता पार्टी (JJP) के सतपाल सांगवान को 14,272 वोटों के अंतर से हराया था और बबीता फोगाट लड़ाई में दूसरे नंबर पर भी नहीं थीं।
ऐसा बताया जा रहा है कि अगर विनेश फोगाट कांग्रेस में शामिल होती हैं, तो वह इसी सीट से अपने बहन बबीता फोगाट के खिलाफ चुनाव लड़ सकती हैं। हालांकि, अधिकारिक तौर पर दोनों ही तरफ से फिलहाल कुछ भी नहीं कहा गया है।