Credit Cards

Hemant Soren: हेमंत सोरेन ने फिर संभाली झारखंड की कमान, जेल से बाहर आने के बाद बने 13वें मुख्यमंत्री

Jharkhand Politics: झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने बुधवार (3 जुलाई) को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के नेता हेमंत सोरेन ने राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया

अपडेटेड Jul 04, 2024 पर 5:16 PM
Story continues below Advertisement
HEMANT SOREN OATH TAKING CEREMONY: हेमंत सोरोने ने राज्य के 13वें सीएम के तौर पर शपथ ली

Hemant Soren Oath Taking Ceremony: झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने गुरुवार (4 जुलाई) को रांची स्थित राजभवन में राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली। राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन ने उन्हें सीएम पद की शपथ दिलाई। शपथ लेने के बाद हेमंत सोरेन झारखंड के 13वें मुख्यमंत्री बन गए हैं। JMM ने इससे पहले दिन में बताया था कि राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने हेमंत सोरेन को राज्य में सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है और वह 7 जुलाई को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। लेकिन JMM, कांग्रेस और RJD गठबंधन ने बाद में फैसला किया कि सोरेन आज (4 जुलाई) ही मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

कांग्रेस पार्टी की झारखंड इकाई के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने पीटीआई को बताया कि हेमंत सोरेन के आवास पर गठबंधन सहयोगियों की बैठक में यह फैसला लिया गया है। शपथग्रहम समारोह के दौरान JMM के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिबू सोरेन भी मौजूद थे।

चंपई सोरेन ने दिया इस्तीफा


चंपई सोरेन ने बुधवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में जमानत पर रिहा हुए हेमंत सोरेन ने सरकार बनाने का दावा पेश किया था। हेमंत सोरेन की अगुवाई में गए शिष्टमंडल में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, मंत्री और राष्ट्रीय जनता दल नेता सत्यानंद भोक्ता तथा विधायक विनोद सिंह शामिल रहे। हेमंत सोरेन की पत्नी और गांडेय से विधायक कल्पना सोरेन भी शिष्टमंडल में शामिल थीं।

हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद 2 फरवरी को झारखंड के 12वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले चंपई सोरेन ने बुधवार शाम को राजभवन में राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात की। इस दौरान JMM के कार्यकारी अध्यक्ष की उपस्थिति में अपना इस्तीफा दे दिया जिससे दिन भर चलीं अटकलों पर विराम लग गया। झारखंड 15 नवंबर 2000 को बिहार से अलग होकर एक पृथक राज्य बना था। झारखंड में JMM, कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के गठबंधन की सरकार है।

CM ने हेमंत सोरेन के दबाव में दिया इस्तीफा?

पीटीआई ने JMM के एक सूत्र के हवाले से बताया, "बैठक में चंपई सोरेन की जगह हेमंत सोरेन को लाने का फैसला लिया गया।" पार्टी सूत्रों के मुताबिक, चंपई सोरेन की जगह हेमंत सोरेन को लाने का फैसला तो लिया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि JMM खेमे में सब कुछ ठीक नहीं है। एनडीटीवी को सूत्रों ने बताया कि जेएमएम विधायक दल की बैठक में लिए गए फैसले से चंपई सोरेन "अपमानित" महसूस कर रहे हैं।

हेमंत सोरेन को लगभग पांच महीने बाद 28 जून को जेल से रिहा किया गया, क्योंकि हाई कोर्ट ने उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जमानत दे दी थी। झारखंड में सत्ता परिवर्तन के बीच, भारतीय जनता पार्टी (BJP) हेमंत सोरेन के लिए चंपई सोरेन को मुख्यमंत्री पद से हटाने के लिए सोरेन परिवार पर निशाना साध रही है। बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि बाहरी लोगों का परिवार-उन्मुख पार्टी में कोई राजनीतिक भविष्य नहीं है।

JMM प्रमुख शिबू सोरेन के बेटे हेमंत सोरेन को विधायक दल का नेता चुनने के लिए हुई बैठक में कांग्रेस के झारखंड प्रभारी गुलाम अहमद मीर और प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर के अलावा हेमंत सोरेन के भाई बसंत और पत्नी कल्पना भी मौजूद थीं। हाई कोर्ट द्वारा कथित भूमि घोटाले से जुड़े मामले में जमानत दिए जाने के बाद हेमंत सोरेन को गिरफ्तारी के लगभग पांच महीने बाद 28 जून को जेल से रिहा कर दिया गया था।

सुप्रीम कोर्ट जा सकती है ED

उन्होंने 31 जनवरी को अपनी गिरफ्तारी से पहले मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। इस बीच, नई दिल्ली में आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि ED जल्द ही झारखंड हाई कोर्ट के उस आदेश के खिलाफ विशेष अनुमति याचिका के साथ सुप्रीम कोर्ट का रुख कर सकता है जिसमें मनी लॉन्ड्रिंग मामले में हेमंत सोरेन को जमानत दी गई थी।

ये भी पढ़ें- सीएम पद से हटाए जाने पर 'अपमानित' महसूस कर रहे हैं चंपई सोरेन! क्या हेमंत सोरेन के दबाव में दिया इस्तीफा?

इस बीच, बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया प्लेट फॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा, "झारखंड में चंपई सोरेन युग खत्म हो गया है। परिवारवादी पार्टी में, परिवार के बाहर के लोगों का कोई राजनीतिक भविष्य नहीं है। मैं चाहता हूं कि मुख्यमंत्री भगवान बिरसा मुंडा से प्रेरणा लें और भ्रष्ट हेमंत सोरेन जी के खिलाफ खड़े हो जाएं।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।